कपूरथला में किसान के घर लाखों की चोरी: सोने-चांदी के गहने और 4 हजार डॉलर ले गए चोर; CCTV में युवक कैद – Kapurthala News
कपूरथला जिले के जैद गांव में एक किसान के घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, विदेशी मुद्रा और भारतीय नकदी चोरी हो गई। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। बेगोवाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
.
गांव जैद निवासी पीड़ित किसान जसमीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी पत्नी, माता सरबजीत कौर और अमेरिका से आए भाई गुरप्रीत सिंह के साथ घर में सो रहे थे। सुबह करीब 4:45 बजे उनकी माता की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि कमरों में बेड और अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था, और लॉकर टूटे हुए थे।
प्राथमिक जांच में पता चला कि चोर घर से तीन सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां, दो सोने की चूड़ियां, एक कंगन, एक सोने का कड़ा, तीन सोने के लॉकेट और एक जोड़ी सोने के टॉप्स ले गए। इसके अतिरिक्त, 15 तोले की चांदी की चेन, 4,000 अमेरिकी डॉलर और 6,000 रुपये भारतीय नकदी भी चोरी हुई है।
CCTV में दिखा एक संदिग्ध युवक
पीड़ित ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक संदिग्ध युवक उनके घर की ओर आता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध युवक कैद हुआ है।
जांच अधिकारी प्रगट सिंह ने पुष्टि की कि थाना बेगोवाल पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उन्होंने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

