औसत 204 से 24 एमएम कम बारिश का अंदेशा, उमस सताएगी – Amritsar News
अमृतसर | जुलाई का आगाज बारिश के साथ हो गया है। जुलाई में मानसून सक्रिय रहने से शहर में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। जुलाई में औसतन 204 एमएम बारिश होती मगर इस बार करीब 180 एमएम होने की संभावना है। बीच-बीच में होने वाली बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि नमी के कारण उमस का असर बना रहेगा। जुलाई के पहले सप्ताह में अमृतसर सहित आसपास के क्षेत्रों में मानसून की गतिविधियां बनी रहेंगी। बीच-बीच में गरज-चमक, बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए। मौसम विभाग के अनुसार जुलाई में औसत अधिकतम पारा 35° से 36° और औसत न्यूनतम पारा 25° से 27° के बीच रहता है। इस बार भी पारा औसत के करीब ही रहेगा। बारिश के कारण तापमान में अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है, लेकिन नमी 70 से 85 प्रतिशत के बीच रहने से उमस परेशान कर सकती है। बुधवार को दिन में बादलों और धूप की आंख-मिचौनी चलती रही और उमस बनी रही। वहीं रात को 11 से 12 बजे तक एक घंटा मूसलाधार बारिश हुई जिससे काफी हद तक गर्मी से राहत मिली। वहीं अधिकतम पारा 33.9 और न्यूनतम 29 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पूरे सप्ताह आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे तथा एक-दो दौर की बारिश होगी । तीसरे सप्ताह में मानसून सबसे ज्यादा सक्रिय होगा और अच्छी बारिश होने के आसार हैं। पहला सप्ताह (1-7 जुलाई) अधिकतम पारा : 32-35 डिग्री न्यूनतम पारा : 27-29 डिग्री बारिश के आसार : 70-80% दूसरा सप्ताह (8-14 जुलाई) अधिकतम पारा : 31-34 डिग्री न्यूनतम पारा: 26-28 डिग्री बारिश के आसार : 60-70% तीसरा सप्ताह (15-21 जुलाई) अधिकतम पारा : 30-33 डिग्री न्यूनतम पारा : 26-27 डिग्री बारिश के आसार : 70-80% चौथा सप्ताह (22-31 जुलाई) अधिकतम पारा : 31-34 डिग्री न्यूनतम पारा : 26-28 डिग्री बारिश के आसार : 50-60%
Source link

