संगरूर में कार टक्कर के बाद नहर में बहा बच्चा: बाइक से पिता संग आते समय हादसा, 18 घंटे बाद मिला शव, 3 बहनों का अकेला भाई था – Barnala News
पंजाब के संगरूर जिले के लहरागागा क्षेत्र में बुधवार देर शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में नहर में बहे 10 वर्षीय मासूम बच्चे का शव 18 घंटे के लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिया गया है। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे इलाके और पीड़ित परिवार में मातम पसरा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार देर शाम की है जब गांव नंगला के रहने वाले हरनैब सिंह अपने 10 वर्षीय बेटे एकम सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर वापस लौट रहे थे। जब वे सुनीम-जाखल मुख्य मार्ग से गुजर रही घग्गर ब्रांच नहर के किनारे बनी बख्शीवाला-नदामपुर सड़क पर पहुंचे, तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पिता के सामने नहर के तेज बहाव में लापता हुआ इकलौता बेटा टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक पर पीछे बैठा मासूम एकम सिंह हवा में उछलकर सीधे घग्गर ब्रांच नहर के गहरे पानी में जा गिरा और तेज बहाव के कारण देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया। इस हादसे में उसके पिता हरनैब सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन, गोताखोरों और ग्रामीणों ने रात में ही नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था। 18 घंटे बाद गांव अड़कवास के पास मिला शव रातभर अंधेरे के कारण मशक्कत करने के बाद गुरुवार सुबह भी प्रशासन का बचाव अभियान लगातार जारी रहा। आखिरकार करीब 18 घंटे बाद दोपहर दो बजे के आसपास घटना स्थल से कुछ दूरी पर स्थित गांव अड़कवास के पास से एकम सिंह का शव नहर से बाहर निकाला जा सका। तीसरी कक्षा का छात्र था एकम, बहनों का था अकेला भाई पारिवारिक सूत्रों के अनुसार 10 वर्षीय मृतक एकम सिंह लहरागागा के सरबहितकारी स्कूल में तीसरी कक्षा का छात्र था। वह तीन बहनों का अकेला भाई और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। मासूम के शव को देखते ही माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज, तलाश जारी थाना प्रभारी मनप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित पिता के बयानों के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना स्थल के आस-पास के रास्तों और मुख्य सड़क पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी कार चालक की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। शव को पोस्टमार्टम के बाद वारिसों को सौंप दिया गया है।
Source link

