श्री गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व को समर्पित कीर्तन दरबार कल, डीसी ने खुद जांची तैयारियां – Amritsar News
भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत 3 जुलाई को अमृतसर में कीर्तन दरबार सजाया जा रहा है। रणजीत एवेन्यू स्थित दशहरा ग्राउंड (पायटेक्स ग्राउंड) में यह धार्मिक समागम शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें देश के प्रतिष्ठित रागी जत्थों द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी की दिव्य वाणी का कीर्तन किया जाएगा। इस राज्य स्तरीय समागम की तैयारियों को लेकर डीसी दलविंदरजीत सिंह ने बुधवार को जिला प्रशासनिक परिसर के बैठक कक्ष में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के जिला प्रभारियों और श्री गुरु रविदास समाज के प्रतिनिधियों ने भी बढ़- चढ़कर भाग लिया। डीसी दलविंदरजीत सिंह ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि कीर्तन दरबार की सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह से गुरु मर्यादा के अनुसार सुनिश्चित की जाएं। डीसी ने कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि कीर्तन दरबार की सभी व्यवस्थाएं पूरी गुरु मर्यादा के अनुसार सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि संगत की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए गुरु का लंगर, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाए। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग तथा जूता-घर की व्यवस्था के लिए विशेष टीमें तैनात की जाएं तथा इस सेवा में धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। डीसी दलविंदरजीत सिंह ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे 3 जुलाई को रणजीत एवेन्यू में आयोजित होने वाले इस पावन कीर्तन दरबार में परिवार सहित शामिल होकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करें। बैठक के दौरान शानदार प्रबंधों और प्रशासनिक सहयोग के लिए श्री गुरु रविदास समाज के प्रतिनिधियों ने डीसी दलविंदरजीत सिंह और एडीसी सुरिंदर सिंह को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर एडीसी (जनरल) पल्लवी मिश्रा, एडीसी (ग्रामीण विकास) सुरिंदर सिंह, एसडीएम अमृतसर-1 अलका कालिया, एसडीएम अमृतसर-2 गुरमंदर सिंह, एसडीएम लोपोके मनबीर सिंह ढिल्लों सहित विभिन्न विभागों के सीनियर अधिकारी उपस्थित थे।
Source link

