अमृतसर में कारोबारी पर फायरिंग करने वाले दोनों शूटर गिरफ्तार: पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में लगी गोली – Amritsar News

अमृतसर में कारोबारी पर फायरिंग करने वाले दोनों शूटर गिरफ्तार:  पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में लगी गोली – Amritsar News




अमृतसर पुलिस ने कारोबारी पर फायरिंग करने वाले दो शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि शहर के एक कारोबारी को पिछले कुछ समय से विदेश में बैठे गैंगस्टरों की ओर से धमकी भरी कॉलें आ रही थीं। इसके बाद बदमाशों ने कारोबारी की दुकान के बाहर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। हालांकि पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी, लेकिन अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने स्तर पर जांच शुरू की और कुछ ही दिनों में दोनों आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में मजीठा क्षेत्र के रहने वाले साजनप्रीत और जशनप्रीत को गिरफ्तार किया है। दोनों आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, जब पुलिस टीम साजनप्रीत को पकड़ने उसके गांव पहुंची तो उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए घर की छत से छलांग लगा दी। इस दौरान उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं दूसरे आरोपी जशनप्रीत को गिरफ्तार कर सिविल लाइन थाने लाया जा रहा था। रास्ते में उसने एक पुलिसकर्मी से सरकारी हथियार छीनकर फायरिंग करने की कोशिश की। पुलिसकर्मी की सतर्कता के चलते हथियार की नली नीचे हो गई और चली गोली जशनप्रीत के पैर में लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जशनप्रीत का संपर्क सीमा क्षेत्र के कुछ लोगों और विदेश में बैठे गैंगस्टरों से था। पुलिस को शक है कि फायरिंग की इस वारदात के पीछे एक बड़ा गैंग सक्रिय है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *