अबोहर में बेटे पर बुजुर्ग मां से मारपीट का आरोप: घर व जमीन कब्जा करने को लेकर रोजाना विवाद, 67 वर्षीय महिला अस्पताल में भर्ती – Abohar News
जमीन और संपत्ति के लालच में रिश्तों के कत्ल और अपनों पर ही हमले के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसा ही एक शर्मनाक मामला फाजिल्का के अबोहर के अंतर्गत आते गांव दलमीरखेड़ा से सामने आया है, जहां एक 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपने ही सगे बेटे पर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। घायल बुजुर्ग महिला को इलाज के लिए अबोहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। सरकारी अस्पताल में भर्ती परमजीत कौर (67) पत्नी सुखदेव सिंह ने बताया कि उनका बेटा पिछले काफी समय से उनके घर और जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। इसी लालच के चलते वह अक्सर उनके और अपने पिता (सुखदेव सिंह) के साथ झगड़ा और गाली-गलौज करता रहता था। परिजनों और रिश्तेदारों ने कई बार आरोपी बेटे को समझाने और सही रास्ते पर लाने का प्रयास किया, लेकिन उस पर कोई असर नहीं हुआ। वीरवार रात लाठी से किया हमला, चीख-पुकार सुन दौड़े पड़ोसी पीड़ित मां ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वीरवार की रात आरोपी बेटा अचानक घर पहुंचा और उन्हें जबरन घर से बाहर निकालने लगा। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने पहले उनका हाथ पकड़कर जोरदार धक्का दिया और फिर कथित तौर पर लाठी से उन पर हमला कर दिया। लाठी का वार लगने से बुजुर्ग महिला के हाथ पर गंभीर चोटें आईं। पड़ोसियों ने बचाया: घर के भीतर से आ रही चीख-पुकार और शोर सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव कर बुजुर्ग महिला को कलयुगी बेटे के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत अबोहर के सरकारी अस्पताल ले गए। संपत्ति नाम करवाने के लिए बना रहा था दबाव, पुलिस जांच में जुटी पीड़िता परमजीत कौर का आरोप है कि उनका बेटा संपत्ति को अपने नाम कराने के लिए पूरे परिवार पर लगातार मानसिक और शारीरिक दबाव बना रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी बेटे के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उधर, इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए स्थानीय पुलिस ने बताया कि उन्हें पीड़िता की तरफ से शिकायत प्राप्त हो चुकी है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और मैडिकल रिपोर्ट व जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Source link

