अबोहर नहर में अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद: पहचान के लिए 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखा गया, ग्रे कमीज-पायजामा पहने था – Abohar News
पंजाब के फाजिल्का जिले में अबोहर के कंधवाला रोड स्थित मलूकपुरा माइनर नहर से शुक्रवार देर शाम एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और समाज सेवी संस्था ने मौके पर पहुंचकर शव को नहर से बाहर निकाला। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम एक राहगीर ने मलूकपुरा माइनर नहर के पानी में एक शव को फंसे हुए देखा। उसने तुरंत इसकी सूचना ‘नर सेवा नारायण सेवा समिति’ के सेवादारों को दी। सूचना मिलते ही समिति के सेवादार बिट्टू नरूला अपने सहयोगी सोनू ग्रोवर के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत थाना नंबर-2 की पुलिस को मामले की जानकारी दी। ग्रे रंग की कमीज और पायजामा पहने है थाना नंबर-2 की पुलिस टीम ने सेवादारों और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला। मृतक ने ग्रे रंग का कमीज-पायजामा पहना हुआ था। पुलिस ने मौके पर मौजूद आसपास के लोगों से मृतक की पहचान करवाने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया शव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटे के लिए रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया और आसपास के थानों के जरिए मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है।
Source link

