- Hindi News
- Local
- Punjab
- Tarn
- Tarn Taran Drone Heroin Seizure | Police BSF Search Operation
ड्रोन से हेरोइन की खेप: भारत-पाक सीमा के पास खेतों में मिला पैकेट, पुलिस-BSF ने 744 ग्राम नशा किया बरामद
तरनतारन में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास ग्राम बुर्ज के खेतों में संदिग्ध पैकेट मिला। पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान इसे बरामद किया। पैकेट की छानबीन करने पर उसमें से 744 ग्राम हेरोइन मिली।
प्रारंभिक जांच में खेप ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से भारतीय इलाका में गिराए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने प्रकरण में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। अब पड़ताल के जरिए नशे की खेप मंगवाने और आगे सप्लाई करने वालों का पता लगाया जा रहा है।
थाना सराय अमानत खां के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह बाजवा ने बताया कि पुलिस को गुप्त जानकारी मिली थी। इसके आधार पर थाना सराय अमानत खां की पुलिस टीम और बीओपी राजा ताल पर तैनात बीएसएफ जवानों ने कमांडर बृजेंद्र कुमार के साथ ग्राम बुर्ज के खेतों में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इसी बीच वहां एक संदिग्ध पैकेट मिला। पैकेट की छानबीन करने पर उसमें से 744 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अतिरिक्त पैकिंग में इस्तेमाल की गई सामग्री का वजन 80 ग्राम पाया गया।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, हेरोइन की यह खेप ड्रोन के जरिए पाकिस्तान की ओर से भारतीय इलाका में गिराई गई थी। पुलिस ने बरामद हेरोइन को कब्जे में लेकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ थाना सराय अमानत खां में मुकदमा नंबर 162 दर्ज किया है। यह मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खेप किसने मंगवाई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।







