आम आदमी पार्टी की मोगा रैली के मद्देनजर फरीदकोट जिला पुलिस की ओर से कर्मचारी संगठनों के नेताओं को हिरासत में लेने और कुछ नेताओं को घरों में नजरबंद करने से कर्मचारी संगठनों में रोष फैल गया।

इसके विरोध में विभिन्न मुलाजिम संगठनों के प्रतिनिधियों ने थाना सिटी पहुंचकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज करवाया। लगभग दो घंटे तक चली तनातनी के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए कर्मचारी नेताओं को रिहा कर दिया।

रैली में कोई आयोजन नहीं था, फिर भी हिरासत में लिया

विज्ञापनIn-Article Banner

कर्मी नेताओं ने जानकारी दी कि वीरवार को मोगा में आम आदमी पार्टी की रैली के बीच मुलाजिम संगठनों की ओर से कोई विरोध प्रदर्शन या अन्य आयोजन निर्धारित नहीं किया गया था।

इसके बावजूद पुलिस ने कई साथियों को हिरासत में ले लिया, जबकि कुछ नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया गया। वीरवार सुबह पुलिस ने डीसी कार्यालय यूनियन के जिला प्रधान करण जैन को उनके घर से हिरासत में लेकर थाना सिटी में बंद कर दिया।

इसके साथ ही डेमोक्रेटिक टीचर फ्रंट के जिला प्रधान सुखविंदर सिंह सुक्खी को भी उनके घर में नजरबंद कर दिया गया।

सूचना मिलने पर मिनिस्टीरियल कर्मी यूनियन के प्रांतीय नेता गुरनाम सिंह विर्क के नेतृत्व में विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता थाना सिटी पहुंच गए और पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ रोष जताया। इसके बाद पुलिस ने करण जैन सहित हिरासत में लिए गए अन्य कर्मी नेताओं को रिहा कर दिया।

मांगें पूरी नहीं होने पर सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करने का ऐलान

इस घटनास्थल पर गुरनाम सिंह विर्क ने कहा कि मौजूदा आप सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों से किए गए वादों में से एक भी वादा पूरा नहीं किया।

कर्मियों के साथ अनेक बार बैठकें हुईं, लेकिन किसी भी मांग को पूरा नहीं किया गया। यहां तक कि जिन मांगों को स्वीकार किया जा चुका है, उन्हें भी अभी तक लागू नहीं किया जा रहा।

कर्मी नेताओं को नजरबंद करना अधिकारों का हनन : विर्क

उन्होंने बताया कि मोगा रैली के दौरान कर्मी संगठनों का कोई कार्यक्रम नहीं था, इसके बावजूद नेताओं को हिरासत में लेना और घरों में नजरबंद करना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।

कर्मी संगठनों ने सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनावों में कर्मचारी वर्ग आम आदमी पार्टी का विरोध करेगा।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर