एचवीएम ग्लोबल स्कूल, सेक्टर-32 में तीसरी वार्षिक एथलेटिक मीट 2026-27 का कार्यक्रम उत्साह के साथ किया गया। इसमें नर्सरी से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। आयोजन में मुख्य अतिथि ब्लूम हॉस्पिटल फॉर चिल्ड्रन के संस्थापक डॉ. हिमांशु आनंद और विशिष्ट अतिथि सीएमसी अस्पताल की प्रोफेसर डॉ. नीरू गोयल शामिल हुईं। आयोजन की शुरुआत मार्च पास्ट से हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने खेल भावना और निष्पक्षता के साथ खेलने की शपथ ली। खेल प्रतियोगिताओं में हर्डल रेस, अल्फाबेट रेस, जिग-जैग रेस, स्लो साइक्लिंग और रिले रेस आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यार्थियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया। इसी बीच प्रस्तुत भांगड़े ने पंजाबी संस्कृति की झलक दिखाई। प्रमुख अतिथि डॉ. हिमांशु आनंद ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों और स्वास्थ्य पर भी ध्यान देने हेतु प्रेरित किया। डॉ. नीरू गोयल ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना की। अंत में विजेता विद्यार्थियों को पदक देकर सम्मानित किया गया।