- Hindi News
- Local
- Punjab
- Jalandhar
- Relief For Railway Passengers... Additional Coaches To Be Added To Four Trains, Schedule Released
ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न रूटों पर चलने वाली 5 प्रमुख ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। इसका लाभ जालंधर सिटी और जालंधर कैंट स्टेशन से दिल्ली, वाराणसी, अजमेर और दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को मिलेगा।
इससे न सिर्फ ट्रेनों में बर्थ की उपलब्धता बढ़ेगी, बल्कि कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना भी बढ़ेगी। अमृतसर और फिरोजपुर से चलकर जालंधर के रास्ते चलने वाली कई रेलगाड़ियों में एसी और स्लीपर श्रेणी के कोच बढ़ाए जा रहे हैं। इनमें वीआईपी ट्रेनों में शुमार स्वर्ण जयंती शताब्दी एक्सप्रेस भी शामिल है।़
फिरोजपुर मंडल के अफसरों का कहना है कि रेलवे प्रशासन मुसाफिरों की सुविधा और बेहतर सफर अनुभव हेतु लगातार प्रयासरत है। जिन रूटों पर मुसाफिरों का दबाव ज्यादा रहता है, वहां समीक्षा के पश्चात अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं।
रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि सफर पर निकलने से पहले रेल हेल्पलाइन नंबर 139 या फिर रेलवन एप के माध्यम से ट्रेनों की ताजा हालत और कोच पोजीशन की सूचना अवश्य प्राप्त कर लें। ताकि स्टेशन पर किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। अमृतसर-नई दिल्ली स्वर्ण जयंती शताब्दी एक्सप्रेस (12030)... 28 से 30 नवंबर 2026 तक एक अतिरिक्त एसी चेयर कार का कोच जोड़ा जाएगा।
छेहरटा-वाराणसी एक्सप्रेस (14624)... 27 नवंबर से 6 दिसंबर तक स्लीपर क्लास का एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा। फिरोजपुर कैंट-रामेश्वरम हमसफर एक्सप्रेस (20498)... 5 दिसंबर को एसी 3 टियर का एक अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा। अमृतसर-अजमेर एक्सप्रेस (19612 और 19614)... 3 दिसंबर 2026 से 1 जनवरी 2027 तक एसी 3 टियर का एक अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा।







