मोगा में जनगणना-2027 हेतु लोग 30 नवंबर 2026 तक घर बैठे ऑनलाइन स्व-गणना कर सकते हैं। जिला प्रशासन मोगा, धर्मकोट सब-डिवीजन के गांवों में डिजिटल एलईडी वैन से जागरूकता अभियान चला रहा है।

डिप्टी कमिश्नर और प्रिंसिपल जनगणना अफसर सागर सेतिया ने कहा कि जनगणना के लिए हर परिवार को सही और पूरी जानकारी देनी चाहिए। ‘हमारी जनगणना, हमारा विकास’ संदेश के साथ वैन लोगों को जनगणना की प्रक्रिया और ऑनलाइन स्व-गणना के बारे में बता रही है।

ऑडियो-वीडियो संदेशों से किया जा रहा लोगों को जागरूक

विज्ञापनIn-Article Banner

उन्होंने बताया कि 30 नवंबर 2026 तक चलने वाले अभियान के बीच वैन जिले के ग्रामीण और शहरी इलाकों में पहुंचेगी। अभियान के तहत आज कैला, बाजेके, ढोलेवाला, सैद मोहम्मद, तोता सिंह वाला, खंबे, धर्म सिंह वाला, कादर वाला और फतेहगढ़ पंजतूर में ऑडियो-वीडियो संदेशों से लोगों को जागरूक किया गया।

उन्होंने बताया कि जनगणना के आंकड़ों से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पीने के पानी, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं बनाने में सहायता मिलती है। इन आंकड़ों से सरकारी कल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में भी मदद मिलती है।

सरकारी पोर्टल पर स्व-गणना की सुविधा मौजूद

जनगणना-2027 के पहले चरण में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। नागरिक आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर मकान और परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।

स्व-गणना पूरी होने पर एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) जारी होगी। इसे बाद में घर आने वाले अधिकृत जनगणना मुलाजिम के साथ साझा करना जरूरी होगा।

गोपनीय रखी जाएगी समस्त सूचना

सेतिया ने लोगों को आश्वस्त किया कि जनगणना के बीच एकत्रित की जाने वाली व्यक्तिगत सूचना जनगणना अधिनियम, 1948 के प्रावधानों के मुताबिक पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। उन्होंने कहा कि लोगों को बिना किसी झिझक के अपनी जानकारी सही तरीके से उपलब्ध करवानी चाहिए।

उन्होंने धर्मकोट सब-डिवीजन के समस्त निवासियों, ग्राम पंचायतों, गांवों के गणमान्य व्यक्तियों और सामाजिक संस्थाओं से अपील की कि वे जनगणना-2027 के जागरूकता अभियान में प्रशासन का सहयोग करें और अपने आसपास के प्रत्येक परिवार को ऑनलाइन स्व-गणना के बारे में जानकारी दें, ताकि इस राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर