- Hindi News
- Local
- Punjab
- Ludhiana
- Ludhiana Church Property Fraud | Fake Documents Scam Exposed
लुधियाना में एक नौसरबाज ने फर्जीवाड़ा कर 100 वर्ष पुरानी चर्च को ही बेचने की तैयारी कर ली। उसने चर्च की प्रॉपर्टी में बनी दुकानों और ऑफिस हेतु सौदेबाजी तक कर ली।
वह इसमें कामयाब भी हो जाता, लेकिन तभी उसके एग्रीमेंट की भनक यूनाइटेड चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया (UCNI) संगठन को लग गई। उन्होंने पड़ताल की तो पता चला कि वह 100 वर्ष पुराने यूनाइटेड चर्च ऑफ नॉर्दर्न इंडिया ट्रस्ट एसोसिएशन (UCNITA) की अरबों रुपए की प्रॉपर्टी बेच चुका है।
इसमें चर्च समेत चिकित्सालय, स्कूल और अन्य जमीनें तक शामिल हैं। इसके पश्चात UCNITA के प्रेसिडेंट रेवरेंड जेम्स पॉल लेपचा ने लुधियाना के पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी। इसमें पता चला कि इसका मास्टरमाइंड नीरज मसीह है।
DCP (इन्वेस्टिगेशन) ने इसकी पड़ताल की तो खुलासा हुआ कि आरोपी जाली पावर ऑफ अटॉर्नी और नकली मोहरों से ये सौदे कर रहा था। वह पंजाब ही नहीं, बल्कि हरियाणा, UP और MP में भी संस्था की जमीनों के करोड़ों रुपए में अवैध सौदे कर चुका था।
- फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनवाई: UCNITA के प्रेसिडेंट रेवरेंड जेम्स पॉल लेपचा ने जानकारी दी कि नीरज मसीह संस्था का एक आम मेंबर था। वर्ष 2014 में पंजाब धार्मिक सभा (सिनड) की एक मीटिंग का बहाना बनाकर उसने संस्था के लोगों को धोखे में रखा। ट्रस्ट से बिना किसी कानूनी मंजूरी के उसने 12 जनवरी 2015 को लुधियाना ईस्ट के सब-रजिस्ट्रार दफ्तर में अपने नाम फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी रजिस्टर करवा ली।
- खुद को बताता रहा ट्रस्ट का सेक्रेटरी-प्रेजिडेंट: जेम्स पॉल लेपचा ने बताया कि जब संस्था को 2014-15 में लुधियाना के मुबारकपुर में जमीनों के अवैध सौदों का पता चला, तो संस्था ने 2016 में नीरज मसीह को सस्पेंड किया और 16 सितंबर 2017 को उसे टर्मिनेट कर दिया। संस्था ने 23 जुलाई 2022 को उसकी पुरानी पावर ऑफ अटॉर्नी भी आधिकारिक रूप से निरस्त कर दी। इसके बावजूद वह खुद को UCNI का सेक्रेटरी, प्रेजिडेंट और पादरी बताकर लोगों को ठगता रहा।
- कोर्ट स्टे के बाद भी बेचीं जमीनें: अभियुक्त को संस्था ने टर्मिनेट कर दिया था, इसके बावजूद वह संस्था की जमीनें बेचता रहा। UCNI संस्था के सचिव स्टीफन सिंह ने फर्रुखाबाद अदालत में केस दायर किया था। इस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने 26 नवंबर 2022 को पक्का स्टे जारी कर नीरज मसीह, बी.एम. फ्रेडरिक, जोसफ विलियम और आर.आर. दत्ता पर संस्था का नाम, रजिस्ट्रेशन नंबर, लोगो, लेटरहेड और मोहर इस्तेमाल करने से रोक लगा दी थी। इसके बावजूद अभियुक्त ने जाली लेटरपैड से जमीनों का लेन-देन जारी रखा, जिसके चलते थाना कोतवाली फर्रुखाबाद में धारा 420 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ।
- घर से चलाया जाली दफ्तर: जेम्स पॉल लेपचा का कहना है कि आरोपी का अपना कोई असली दफ्तर या गवर्निंग बॉडी नहीं थी। वह अपने घर से ही यह पूरा नेटवर्क चला रहा था। घर पर ही संस्था की नकली मोहरें और लेटरपैड बनवाकर कागजों में फर्जी बैठक दिखाता था। जमीनों के अलॉटमेंट लेटर, NOC और बिक्री के कागजात (एग्रीमेंट टू सेल) तैयार कर देता था। अदालत के स्टे (रोक) के बाद भी उसने झांसी, लुधियाना और भोपाल में जमीनों के फर्जी सौदे किए और लुधियाना के मुख्य गिरजाघर की जमीन को बेचने का ताना-बाना बुन रहा था।
- संस्था के नाम पर खोले बैंक खाते: जेम्स पॉल लेपचा का कहना है कि अभियुक्त ने UCNI के नाम पर फर्जी तरीके से पैन कार्ड बनवाए और फिर बैंक खाते खुलवाए, ताकि जमीनें बेचकर मिलने वाला पैसा इन खातों में ट्रांसफर करके हड़पा जा सके। अभियुक्त ने संस्था के असली दफ्तर और मुंबई चैरिटी कमिश्नर की मंजूरी को दरकिनार कर खुद को फर्जी तरीके से प्रेजिडेंट, सेक्रेटरी और पादरी घोषित कर रखा था।
- मध्य प्रदेश में बनाई फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी: जेम्स पॉल लेपचा का कहना है कि पुरानी पावर ऑफ अटॉर्नी रद्द होने के पश्चात भी अभियुक्त बाज नहीं आया। उसने 3 मई 2024 को सब-रजिस्ट्रार दफ्तर भोपाल-1 में खुद को जमीन का मालिक और UCNITA का अफसर बताते हुए जयवंत नारायण अटकरे के नाम एक और फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी रजिस्टर करा दी।
- मुंबई चैरिटी कमिश्नर के नियम तोड़े: UCNITA बॉम्बे पब्लिक ट्रस्ट एक्ट 1950 के तहत रजिस्टर्ड है। मुंबई चैरिटी कमिश्नर के नियमों के अनुसार, ट्रस्ट की कोई भी जमीन या संपत्ति बेचने हेतु चैरिटी कमिश्नर की लिखित मंजूरी लेना जरूरी होता है। आरोपी के पास ऐसी कोई कानूनी मंजूरी नहीं थी और उसने बिना किसी इजाजत के सीधे-सादे खरीदारों से पैसे ऐंठकर फर्जी सेल डीड बनाई। अभियुक्त ने 15 दिसंबर 2020 को तथाकथित 'पंजाब सिनड' के नाम पर एक जाली प्रस्ताव बनाया और झांसी स्थित आराजी सं. 355, सिविल लाइंस की कीमती जमीन बेच दी। कानूनी रूप से पंजाब सिनड का झांसी की जमीनों पर कोई अधिकार या लेना-देना था ही नहीं।
- मृत लोगों के नाम पर किए सौदे: जेम्स पॉल लेपचा का कहना है कि अभियुक्त और उसके सहयोगियों ने बड़े पैमाने पर जाली अलॉटमेंट लेटर, नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) और सेल एग्रीमेंट तैयार किए। अभियुक्त जोसफ विलियम ने तो हद पार करते हुए स्वर्गीय रेवरेंड इमैनुएल मान (जिनका निधन 17.04.2014 को हो चुका था) की 2007 वाली पुरानी अटॉर्नी का गलत इस्तेमाल कर अंबाला में फर्जी सेल डीड बना दी। इसके पश्चात अंबाला सिटी पुलिस ने जोसफ विलियम और उसकी सहयोगी सुनीता रानी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
ट्रस्ट ने ऐसे पकड़ा फर्जीवाड़ा, जानिए…
- मुबारकपुर व डेरा बस्सी सौदे से खुलासा: जेम्स पॉल लपेचा का कहना है कि साल 2014-15 में संस्था को पता चला कि नीरज मसीह डेरा बस्सी (पंजाब) के मीरपुर और लुधियाना के मुबारकपुर में जमीनों के अवैध एग्रीमेंट कर रहा है। ट्रस्ट ने इस बारे में इंटरनल पड़ताल की तो पता चला कि अभियुक्त अवैध तरीके से जमीनें बेच रहा है। इसके फौरन पश्चात उसे सस्पेंड कर कारण बताओ नोटिस दिया गया।
- पावर ऑफ अटॉर्नी निरस्त: लपेचा ने बताया कि जब ट्रस्ट को जब पता चला कि उसने धोखाधड़ी से पावर ऑफ अटॉर्नी बनवा ली है, तो उसे नोटिस भेजा गया और UCNITA की बैठक में प्रस्ताव पास कर उसकी पावर ऑफ अटॉर्नी को 20.07.2021 को सब-रजिस्ट्रार दफ्तर से रद्द कराया गया।
- अदालती मुकदमों से पर्दाफाश: लपेचा का कहना है कि यह गिरोह आपस में ही फर्जी मुकदमेबाजी करता था और बाद में आपसी करार दिखाकर जमीन बेचकर पैसे आपस में बांट लेता था। संस्था के असली सचिव स्टीफन सिंह ने झांसी प्रशासन, इलाहाबाद हाईकोर्ट और फर्रूखाबाद कोर्ट में कानूनी लड़ाई लड़कर इस पूरे जालसाजी नेटवर्क को बेनकाब किया।
ट्रस्ट का इतिहास जानिए…
- 18वीं-19वीं सदी की शुरुआत: 18वीं सदी के अंत और 19वीं सदी की शुरुआत में अमेरिका, कनाडा, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, वेल्स, आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया से प्रेसबिटेरियन मिशनरीज भारत आए। उन्होंने ईसाई धर्म के प्रचार और समाज सेवा हेतु भारत भर (झांसी, लुधियाना, अंबाला आदि) में संपत्तियां खरीदीं। इन पर स्कूल, कॉलेज, गिरजाघर, अस्पताल, अनाथालय और वृद्धाश्रम बनाए गए।
- 30 दिसंबर 1924 को UCNI का गठन: विभिन्न मिशनरियों ने मिलकर मुंबई के विल्सन कॉलेज में 'द यूनाइटेड चर्च ऑफ नॉर्दर्न इंडिया' (UCNI) का गठन किया। इसका संविधान 1928 में बना, जिसे 'ब्लू बुक' बताया जाता है।
- गवर्निंग बॉडी: 'द जनरल असेंबली ऑफ UCNI' (रजिस्ट्रेशन नं. 114/2004-2005, दफ्तर: सिटी चर्च चौक, गिरजाघर चौड़ा बाजार, लुधियाना)। इसके तहत 5 सिनड, 18 चर्च काउंसिल और 300 से ज्यादा चर्च आते हैं।
- प्रॉपर्टी होल्डिंग बॉडी: 'द यूनाइटेड चर्च ऑफ नॉर्दर्न इंडिया ट्रस्ट एसोसिएशन' (UCNITA) प्रॉपर्टी होल्डिंग बॉडी है। यही बॉडी संस्था की प्रॉपर्टी की देखभाल करती है।
- संपत्ति का असली मालिक: साल 1956 की देहरादून मीटिंग के प्रस्ताव, 1971 की रजिस्टर्ड डीड और सिविल कोर्ट लुधियाना के 31 जुलाई 2009 के फैसले के मुताबिक UCNI की तमाम संपत्तियों का वास्तविक कानूनी मालिक केवल UCNITA ट्रस्ट ही है।
-------
लुधियाना-विदेशी नस्ल के कुत्ते सड़कों पर छोड़ रहे मालिक:SPCA को मिल रहीं शिकायतें; शेल्टर में गोद लेने के लिए 4 कुत्ते उपलब्ध
लुधियाना में विदेशी नस्ल के पालतू कुत्तों को उनके मालिकों द्वारा बेसहारा छोड़ने के मामले सामने आ रहे हैं। सोसायटी फॉर प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स (SPCA) को ऐसे कुत्तों के रेस्क्यू हेतु पहले के मुकाबले अधिक फोन कॉल मिल रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)







