मुकेरियां/दसूहा |जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर मुकेरियां शुगर मिल के सामने मंगलवार रात धरना स्थल पर सड़क के बीच खड़ी ट्रॉली से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिविल अस्पताल मुकेरियां पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की गंभीर हालत को देखते हुए जालंधर के निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान नितिश कुमार (30) पुत्र सुखदेव सिंह निवासी ग्राम दगन, थाना मुकेरियां के रूप में हुई है। जख्मी युवक साहिल कलसी भी गांव दगन का रहने वाला है। संयुक्त गन्ना संघर्ष कमेटी पंजाब के आह्वान पर गन्ना उत्पादकों की मांगों को लेकर मुकेरियां शुगर मिल के सामने 15 नवंबर से अनिश्चितकालीन धरना चल रहा था। मंगलवार को धरने के तीसरे दिन इस हादसे के पश्चात अन्नदाताओं ने धरना वहां से हटा दिया।