लुधियाना| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पंजाब के राज्य महासचिव अनिल सरीन ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत लुधियाना को आवंटित 100 इलेक्ट्रिक बसों हेतु डिपो निर्माण में देरी पर नगर निगम और आप सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने सार्वजनिक परिवहन मजबूत करने और प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से तीन वर्ष पहले बजट स्वीकृत किया था, लेकिन तय समय-सीमा के बाद भी डिपो तैयार नहीं हो सके। अनिल सरीन के मुताबिक परियोजना में दो डिपो प्रस्तावित हैं जिसमें घोड़ा रोड कॉलोनी में 70 बसों की क्षमता वाला डिपो, जिसकी लागत 12.33 करोड़ रुपए है और हंबड़ां रोड पर 30 बसों की क्षमता वाला डिपो, जिसकी लागत 5.82 करोड़ रुपए है। दोनों स्थलों पर शेड, चार्जिंग स्टेशन, वर्कशॉप और प्रशासनिक ढांचा निर्धारित अवधि तक पूरा होना था। उन्होंने दावा किया कि घोड़ा कॉलोनी डिपो का सिर्फ 20 प्रतिशत काम हुआ है और अनेक महीनों से काम बंद पड़ा है, जबकि हंबड़ां रोड डिपो के लिए अफसर दिसंबर के अंत तक कार्य पूरा होने की बात कर रहे हैं।