पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज की हुई हैं। पार्टी अब तक उम्मीदवारों की दो सूचियां जारी कर प्रदेश की 117 विधानसभा सीटों में से 71 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। इनमें फरीदकोट जिले की तीन विधानसभा सीटों में से कोटकपूरा और जैतो भी शामिल हैं, परंतु फरीदकोट सीट को लेकर पार्टी ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। इसके चलते मौजूदा विधायक गुरदित्त सिंह सेखों की टिकट को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो रही हैं। पहली सूची में 40 और दूसरी सूची में 31 उम्मीदवारों के नाम घोषित होने के बाद भी फरीदकोट सीट को दोनों सूचियों में शामिल नहीं किया गया। पहली सूची के पश्चात उम्मीद जताई जा रही थी कि दूसरी सूची में इस सीट पर भी तस्वीर साफ हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। 2022 में दिग्गजों को हराकर जीते थे सेखों साल 2017 में हारने के पश्चात 2022 के विधानसभा चुनाव में गुरदित्त सिंह सेखों ने कांग्रेस के दिग्गज नेता कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों और शिरोमणि अकाली दल के नेता परमबंस सिंह बंटी रोमाणा को शिकस्त देकर विजय हासिल की थी। फरीदकोट सीट से टिकट के मुख्य दावेदारों में मौजूदा विधायक गुरदित्त सिंह सेखों के अलावा जिला योजना कमेटी के चेयरमैन एवं पार्टी के जिला अध्यक्ष गुरतेज सिंह खोसा, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन गगनदीप सिंह धालीवाल, जानकारी आयुक्त संदीप सिंह धालीवाल, समाजसेवी अर्श सच्चर सहित मार्केट कमेटी सादिक की चेयरपर्सन नीतू कपूर का नाम शामिल है।