पठानकोट| भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पहाड़ीपुर पोस्ट पर घुसपैठ करते सीमा सुरक्षा बल के जवानों की ओर से ढेर किए गए पाकिस्तानी घुसपैठिये की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान हेतु पठानकोट के सिविल चिकित्सालय की मोर्चरी में 72 घंटों हेतु सुरक्षित रखवा दिया है। गौरतलब है कि 26 और 27 नवंबर की दरमियानी रात पहाड़ीपुर पोस्ट के पास से अंतरराष्ट्रीय सीमा लांघकर भारतीय सीमा में घुसपैठ करने की कोशिश करते समय बीएसएफ जवानों ने घुसपैठिए को तुरंत रुकने की सख्त चेतावनी दी। जवानों की चेतावनी को अनसुना करते हुए वह लगातार भारतीय सीमा के भीतर आगे बढ़ता रहा जिस पर बीएसएफ जवानों ने उसे ढेर कर दिया था। थाना नरोट जैमल सिंह के एसएचओ दलजीत सिंह ने कहा कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कानूनी औपचारिकताएं शुरू कीं। मृतक के पास से पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला है, जिस कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।