पंजाब सरकार की आशीर्वाद स्कीम के तहत गरीब परिवारों की बेटियों की शादी हेतु दी जाने वाली 51 हजार रुपए की आर्थिक मदद के भुगतान में गड़बड़ी सामने आई है। शुरुआती विभागीय पड़ताल में अमृतसर जिले में 62 मामलों में गलत भुगतान की पुष्टि हुई है। छानबीन में सामने आया कि एक परिवार की अधिकतम 2 बेटियों को ही योजना का फायदा मिल सकता है, किंतु कुछ लाभार्थियों के बैंक खातों में 8 से 13 बार तक राशि ट्रांसफर की गई।

अमृतसर में 10 लाभार्थियों के खातों में कुल 57 बार भुगतान किए जाने का रिकॉर्ड मिला है। प्रकरण सामने आने के पश्चात मोहाली विजिलेंस ब्यूरो ने छानबीन शुरू कर दी है और वर्ष 2023 से 2025 तक का पूरा रिकॉर्ड तलब किया है। रिकॉर्ड के मुताबिक जोबनदीप सिंह नाम के लाभार्थी के खाते में सबसे अधिक 13 बार राशि भेजी गई। इसमें 16 मई 2023 को एक ही दिन में तीन बार और 21 अगस्त 2023 को छह बार भुगतान दर्ज है।

इसी तरह बलजिंदर कौर और मनजिंदर कौर के खातों में 8-8 बार, जबकि विक्रमजीत सिंह और गुरमीत कौर के खातों में 6-6 बार राशि ट्रांसफर होने का रिकॉर्ड मिला है। इन भुगतानों की जांच की जा रही है कि एक ही लाभार्थी के खाते में बार-बार पैसे किस आधार पर भेजे गए और इसके लिए किस स्तर पर मंजूरी दी गई। प्रकरण तरनतारन के पट्टी से मिली शिकायत के पश्चात सामने आया। विजिलेंस ने अमृतसर के तहसील अफसर सुरिंदर सिंह को संबंधित रिकॉर्ड सहित चंडीगढ़ पेश होने हेतु बताया है।

विज्ञापनIn-Article Banner

उन्हें सोमवार को दस्तावेजों के साथ पेश होना है। जांच में तत्कालीन जिला कल्याण अधिकारी की भूमिका भी देखी जा रही है। विजिलेंस की जांच आगे बढ़ने के साथ भुगतान प्रक्रिया और इसमें शामिल अफसरों व कर्मचारियों की जिम्मेदारी स्पष्ट होने की संभावना है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सामाजिक न्याय, अधिकारिता और अल्पसंख्यक विभाग ने छानबीन का दायरा बढ़ा दिया है।

अमृतसर के अलावा मानसा, कपूरथला, जालंधर और फाजिल्का में भी कमेटियां बनाकर रिकॉर्ड की जांच करवाई जा रही है। महकमा की डायरेक्टर विम्मी भुल्लर के अनुसार, अमृतसर में 62 मामलों में गलत अदायगी की पुष्टि हुई है, जबकि बाकी चार जिलों में बड़ी गड़बड़ी सामने नहीं आई है। महकमा अब पूरे पंजाब में योजना का ऑडिट करवाने की तैयारी कर रहा है। साथ ही निचले स्तर के कर्मियों की जिम्मेदारी तय कर गलत भुगतान की रिकवरी की कार्रवाई शुरू की जा रही है।

क्या है आशीर्वाद स्कीम : पंजाब सरकार की आशीर्वाद स्कीम के तहत अनुसूचित जाति (एससी), पिछड़ी श्रेणी (बीसी) और अन्य योग्य गरीब परिवारों की बेटियों की शादी हेतु 51 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। नियमों के अनुसार एक परिवार की अधिकतम दो बेटियां इस योजना का लाभ ले सकती हैं।

आवेदन और भुगतान की प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से होती है और मंजूर राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है। अब इसी भुगतान प्रक्रिया में सामने आई गड़बड़ियों की जांच की जा रही है।

खबर अभी बाकी है!

  • पसंद की खबरें
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट

खबर अभी बाकी है!

  • मनचाहे अलर्ट
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट