पंजाब-चंडीगढ़ अपडेट्स: कपूरथला में महिला ने बस में किया नशा, वीडियो सामने आया; मोहाली में इलाज करवाने गई नाबालिग से रेप – Mohali News
कपूरथला में बस में नशा करती महिला।
कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी से बस में नशे करते का वीडियो सामने आया है। इसमें एक महिला सरेआम बस के भीतर नशे करते हुए दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि यह बस किसी डिपो में खड़ी थी।
.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर बसों में ऐसे असामाजिक तत्व सरेआम नशा करेंगे, तो आम नागरिकों और बहन-बेटियों का सफर करना दूभर हो जाएगा। लोगों ने कहा कि रूटों पर चलने वाली बसों की औचक चेकिंग की जानी चाहिए। (पढ़ें पूरी खबर)
कादियां-ब्यास रेल प्रोजेक्ट को मंजूरी, ₹200 करोड़ का प्रोजेक्ट अब ₹1400 करोड़ में होगा पूरा
पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली 40 किलोमीटर लंबी कादियां-ब्यास रेल लाइन का करीब एक सदी (100 साल) पुराना इंतजार आखिरकार खत्म होने जा रहा है। केंद्र सरकार ने इसके लिए 1400 करोड़ रुपए मंजूर हो गए।
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि दिसंबर में इस प्रोजेक्ट को डिफ्रिज करवाया और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने इस प्रोजेक्ट के लिए 1400 करोड़ रुपए मंजूर कर दिए। (पढ़ें पूरी खबर)
जालंधर में दिनदहाड़े फायरिंग, महिला को गोली लगी

जालंधर के शाहकोट स्थित संधावाल मंड गांव में घर के बाहर सरेआम नशा बेचने और जुआ खेलने का विरोध करने पर 3 हथियारबंद नकाबपोशों ने दिनदहाड़े अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस हमले में रसोई में काम कर रही परिवार की बेटी गुरजीत कौर के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। बुजुर्ग महिला बुचान कौर पत्नी जसवंत सिंह ने बताया कि घर के पास रहने वाले कुछ लोग नशा और जुए का अवैध कारोबार करते हैं। जब परिवार ने ऐसा करने से मना किया और रोका तो वे रंजिश पालनी शुरू कर दी।
बुचान कौर के मुताबिक, ये लोग पिछले काफी समय से परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। परिवार को अंदाजा नहीं था कि वे इस तरह जानलेवा हमला कर देंगे। आज जब परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, तभी मोटरसाइकिल पर आए तीन हथियारबंद बदमाशों ने गोलियां चलाईं। (पढ़ें पूरी खबर)
ट्रेनिंग के दौरान बरनाला के अग्निवीर की मौत

बरनाला के 22 वर्षीय अग्निवीर जशनप्रीत सिंह का उत्तर प्रदेश के फतेहगढ़ में ट्रेनिंग के दौरान निधन हो गया। जशनप्रीत के परिवार ने सरकार और भारतीय सेना से मांग की है कि उनके बेटे को शहीद का दर्जा और उचित सैन्य सम्मान दिया जाए।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार ट्रेनिंग के दौरान जशनप्रीत सिंह को अचानक दिल का दौरापड़ा, जिसके कारण उनका निधन हो गया। हालांकि, मौत के सटीक कारणों की पुष्टि के लिए अभी सेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान या अंतिम मेडिकल रिपोर्ट आना बाकी है। (पढ़ें पूरी खबर)
मोहाली में इलाज करवाने गई नाबालिग से रेप, प्राइवेट डॉक्टर पर आरोप

मोहाली के जीरकपुर में इलाज करवाने गई एक 15 साल की लड़की से डॉक्टर द्वारा ही रेप करने का मामला सामने आया है। आरोपी की पहचान आरके तिवारी (उम्र 45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो लंबे समय से इलाके में लोगों का इलाज कर रहा था। घटना के बाद से ही आरोपी डॉक्टर फरार है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस की टीमें अब आरोपी डॉक्टर के मेडिकल रिकॉर्ड्स खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके पास इलाज करने के लिए कोई वैध डॉक्टरी डिग्री या लाइसेंस था भी या वह फर्जी डॉक्टर था। पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
पूर्व PM गुजराल के बेटे से ₹7.80 करोड़ की ठगी, वॉटसएप पर स्टेटस लगाकर स्टाफ से मंगाए पैसे

पूर्व प्रधानमंत्री आईके गुजराल के बेटे और पूर्व राज्यसभा सांसद नरेश गुजराल के साथ दिल्ली में अब तक की सबसे बड़ी साइबर ठगी हुई है। ठगों ने वॉट्सऐप पर गुजराल की फोटो लगाकर उनकी ही कंपनी के कर्मचारी को झांसा दिया और ₹7.80 करोड़ ट्रांसफर करवा लिए।
हालांकि, दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने तुरंत एक्शन लेते हुए करीब ₹4 करोड़ फ्रीज करवा दिए हैं। पता चला है कि आरोपियों ने नरेश गुजराल की कंपनी की वित्तीय टीम को निशाना बनाया। उन्होंने इसके लिए नरेश गुजराल की ही तस्वीर (डिस्प्ले पिक्चर) वाले फर्जी अकाउंट का इस्तेमाल किया।
धोखे से भेजा गया संदेश उनके एक भरोसेमंद कर्मचारी को भेजा गया, जिसमें उसे रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट (आरटीजीएस) के माध्यम से एक संबंधित बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद विभिन्ना हिस्सों में पैसे गए। (पढ़ें पूरी खबर)
मोहाली में फ्लैट में लूट, थार गाड़ी ले गए बदमाश, शख्स पीटा

मोहाली के खरड़ में फ्लैट में बदमाशों ने लूट की। बदमाश हथियारों के साथ फ्लैट में घुसे। इसके बाद उन्होंने फ्लैट में रह रहे शख्स से मारपीट की और बाद में थार गाड़ी लूट ली। घटना के 9 दिन बाद एक स्थानीय शिवसेना नेता सहित चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता मनप्रीत सिंह खरड़ की छज्जू माजरा कॉलोनी स्थित ‘ड्रीम होम्ज आइकॉन’ के फ्लैट नंबर-18 में रहता है और युवाओं को ऑनलाइन ट्रेडिंग की कोचिंग देता है। 9 जून की शाम करीब 5 बजे वह अपने साथी मनिंदर सिंह और गुरप्रीत सिंह के साथ फ्लैट में मौजूद था, तभी अचानक उसके फ्लैट की घंटी बजी। दरवाजा खोलते ही तेजधार हथियारों से लैस चार लोग उसे धक्का देकर जबरन फ्लैट के अंदर घुस आए। (पढ़ें पूरी खबर)
कपूरथला में पुलिस टीम पर फायरिंग, 2 गिरफ्तार, बोले- हमें पुलिस पसंद नहीं

कपूरथला में देर रात कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जालंधर से लौट रही पुलिस पार्टी पर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाईं।
हालांकि, पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत घेराबंदी की और पीछा करके दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक रिवॉल्वर, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की गई है।
पूछताछ के दौरान कार ड्राइवर, जो अत्यधिक शराब के नशे में था, पुलिसकर्मियों से उलझ गया और बदतमीजी करने लगा। जब उससे गोली चलाने का कारण पूछा गया तो उसने चौंकाने वाला बयान देते हुए कहा, “मुझे पुलिस पसंद नहीं है, इसलिए सरकारी गाड़ी देखकर मैंने गोली चलाई।” इतना ही नहीं, आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को आगे भी गोली मारने और जान से मारने की धमकी दी। (पढ़ें पूरी खबर)

