मोहाली में चाचा, फिर पानीपत में दोस्त को मार डाला: प्रॉपर्टी कारोबारी का शव लेकर 300 KM तक घूमता रहा भतीजा, फिर दोनों को नहर में फेंका – Mohali News
मोहाली के डेराबस्सी में प्रॉपर्टी विवाद में भतीजे ने सनसनीखेज व रोंगटे खड़े करने वाले खूनी वारदात को अंजाम दिया है। क्षेत्र के गांव घोलू माजरा में बुधवार को प्रॉपर्टी कारोबारी राहुल मलिक को गोली मारने के बाद अपनी कार में लेकर भागे भतीजे के पुलिस ने खोज शुरू की तो दिल दहला देने वाला खुलासा हुआ है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी साहिल मलिक ने पारिवारिक विवाद में पहले अपने सगे चाचा को गोली मारी, फिर उनके शव को उन्ही की सफारी गाड़ी में डालकर करीब 300 किलोमीटर तक घूमता रहा। इसी दौरान उसने राज खुलने के डर से पानीपत में अपने एक दोस्त की भी बेरहमी से हत्या कर दी और दोनों के शवों को नहर किनारे फेंककर फरार हो गया। इस दोहरे हत्याकांड से पंजाब और हरियाणा दोनों राज्यों में हड़कंप मच गया है। ऑफिस में चाचा को मारी गोली, सबूत मिटाने के लिए DVR ले भागा जानकारी के अनुसार, प्रॉपर्टी कारोबारी राहुल मलिक का उसके भतीजे साहिल मलिक के साथ परिवारिक संपत्ति को लोकर विवाद चल रहा है। बुधवार शाम घोलू माजरा स्थित राहुल मलिक के कार्यालय में साहिल मलिक की अपने चाचा राहुल मलिक से बहस हो गई। तैश में आकर साहिल ने राहुल मलिक पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (DVR) उखाड़ लिया ताकि कोई सबूत न बचे। इसके बाद वह चाचा के शव को उन्हीं की सफारी गाड़ी में डालकर डेराबस्सी से फरार हो गया। राज छिपाने के लिए दोस्त को फोन कर बुलाया और उतार दिया मौत के घाट पुलिस सूत्रों के मुताबिक, डेराबस्सी से भागने के बाद आरोपी साहिल ने पानीपत (हरियाणा) निवासी अपने दोस्त अंकुश को फोन किया और उसे टोल प्लाजा के पास मिलने के लिए बुलाया। अंकुश जैसे ही गाड़ी में बैठा, साहिल ने उसे भी गोली मार दी। पुलिस को आशंका है कि अंकुश को साहिल के इस अपराध के बारे में पता चल गया था, इसलिए अपने गुनाह का राज छिपाने के लिए आरोपी ने अपने ही दोस्त को रास्ते से हटा दिया। मृतक अंकुश के परिजनों ने बताया कि वह अपनी ड्यूटी से घर लौटा ही था कि अचानक एक फोन कॉल आने पर बाहर गया और फिर वापस नहीं लौटा। पुलिस को पीछे देख पानीपत की नहर किनारे फेंके दोनों शव इस दौरान पंजाब पुलिस लगातार आरोपी साहिल मलिक की मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर रही थी। जब आरोपी को अहसास हुआ कि पुलिस उसका पीछा कर रही है, तो उसने घबराहट में पानीपत क्षेत्र के पास एक नहर किनारे दोनों शवों (चाचा राहुल मलिक और दोस्त अंकुश) को फेंक दिया और गाड़ी लेकर वहां से रफूचक्कर हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस के साथ-साथ हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा थाना, सेक्टर-29 थाना और सीआईए (CIA) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पंजाब और हरियाणा में छापेमारी, आरोपी की तलाश तेज पुलिस की कई टीमें आरोपी साहिल मलिक की गिरफ्तारी के लिए पंजाब और हरियाणा के विभिन्न ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही इस बात का पूरी तरह खुलासा हो पाएगा कि चाचा के साथ विवाद की मुख्य वजह क्या थी और उसने इस खौफनाक वारदात की साजिश कैसे रची। फिलहाल पूरे इलाके में इस दोहरे हत्याकांड को लेकर दहशत और सनसनी का माहौल है।
Source link

