AAP के पूर्व विधायक संदोआ को पुलिस का समन: आनंदपुर साहिब के होटल में चल रहे सैक्स रैकेट मामले में एसआईटी करेगी पूछताछ – Ludhiana News

AAP के पूर्व विधायक संदोआ को पुलिस का समन:  आनंदपुर साहिब के होटल में चल रहे सैक्स रैकेट मामले में एसआईटी करेगी पूछताछ – Ludhiana News




पंजाब के रोपड़ से आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व विधायक अमरजीत सिंह संदोआ की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पुलिस ने आनंदपुर साहिब के एक होटल में पकड़े गए सैक्स रैकेट के मामले में संदोआ को समन जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया है। डीएसपी रोपड़ के कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक, इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) के सामने पूर्व विधायक को 22 जून को सुबह 11 बजे पेश होना होगा। पुलिस ने स्थानीय थानों को निर्देश जारी कर संदोआ को सूचित करने और मामले से जुड़ी पूरी फाइल एसआईटी के सामने पेश करने को कहा है। इसी साल 17 फरवरी, 2026 को पंजाब पुलिस ने आनंदपुर साहिब के एक होटल पर छापेमारी की थी। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां चल रहे एक बड़े सैक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया था। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने संबंधित होटल और आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। पुलिस की विशेष जांच टीम इस रैकेट में पूर्व विधायक अमरजीत सिंह संदोआ के कनेक्शन और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी संदोआ की सटीक भूमिका पर खुलकर कुछ भी बोलने से इनकार किया है। सूत्रों का कहना है कि यह समन चल रही जांच का हिस्सा है और केस से जुड़े सभी संदिग्धों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। एसआईटी कर रही है मामले की जांच एसआईटी ने यह सम्मन इसलिए जारी किया है ताकि इस हाई-प्रोफाइल रैकेट के पीछे छिपे चेहरों को बेनकाब किया जा सके। 17 फरवरी को दर्ज एफआईआर की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी की अध्यक्षता में एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई थी। एसआईटी को जांच के दौरान कुछ ऐसे इनपुट मिले हैं, जिसके आधार पर पूर्व विधायक से पूछताछ जरूरी हो गई है। आदेश के मुताबिक, 22 जून को होने वाली इस पेशी के दौरान आनंदपुर साहिब थाने के एसएचओ को भी पूरी केस डायरी और फाइल के साथ उपस्थित रहने को कहा गया है, ताकि संदोआ से आमने-सामने सवाल-जवाब किए जा सकें। राजनीतिक साजिश का आरोप, संदोआ बोले- ‘मैं झुकूंगा नहीं’ दूसरी ओर, समन मिलने के बाद पूर्व विधायक अमरजीत सिंह संदोआ ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। संदोआ का कहना है कि यह उनके खिलाफ एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश है। उन्होंने सत्ताधारी दल पर निशाना साधते हुए कहा कि वे रोपड़ विधानसभा क्षेत्र में सरकार के भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे हैं, जिससे घबराकर सरकार पुलिस तंत्र का दुरुपयोग कर रही है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वे 22 जून को एसआईटी के सामने पेश होकर जांच में पूरा सहयोग करेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *