597 कैडेट्स ने सीखे सैन्य गुर; अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्र सेवा का लिया संकल्प – Jalandhar News

597 कैडेट्स ने सीखे सैन्य गुर; अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्र सेवा का लिया संकल्प – Jalandhar News




भास्कर न्यूज | जालंधर 2 पंजाब एनसीसी बटालियन द्वारा डीएवी विश्वविद्यालय जालंधर में आयोजित दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-37 का समापन हो गया। 5 जून से शुरू हुए इस आवासीय शिविर में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के 597 एनसीसी कैडेटों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्र सेवा के मूल्यों को विकसित करना था। दस दिनों के दौरान कैडेटों को सैन्य ड्रिल, शारीरिक प्रशिक्षण, हथियार संचालन (वेपन ट्रेनिंग), मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों का व्यावहारिक व सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा कैडेटों का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और समूह चर्चाएं भी आयोजित की गईं। समापन समारोह को संबोधित करते हुए शिविर कमांडेंट कर्नल दलबीर सिंह ने कैडेटों के अनुशासन और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए डीएवी यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. मनोज कुमार और प्रबंधन का आभार जताया। समारोह के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार कैडेटों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस शिविर की व्यवस्थाओं का संचालन सूबेदार मेजर गुलजार सिंह के नेतृत्व में सैन्य प्रशिक्षकों और एनसीसी अधिकारियों द्वारा किया गया। इस मौके पर लेफ्टिनेंट राहुल भारद्वाज, लेफ्टिनेंट अहमद हुसैन, चीफ ऑफिसर विनय कुमार और सेकंड ऑफिसर वंदना शर्मा ने कैडेटों का मार्गदर्शन करने में अहम भूमिका निभाई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *