पुलिस कांस्टेबल ने लव अफेयर में सुसाइड किया: पठानकोट में मां बोली- लड़की और उसकी मां ने शादी का वादा किया, फिर फोन पर ब्लॉक किया – Pathankot News
युवराज का शव नहर से बरामद हुआ था। इनसेट में मृतक की फाइल फोटो।
पठानकोट में पुलिस कांस्टेबल की मौत की वजह प्रेम प्रसंग है। यह खुलासा मृतक पुलिस कांस्टेबल की मां ने किया। 21 वर्षीय कांस्टेबल युवराज की मां पूजा ने बेटे की मौत के लिए पठानकोट की ही रहने वाली एक युवती, उसकी मां और उसके मामा को जिम्मेदार ठहराया।
.
उन्होंने कहा कि उस लड़की के साथ ही युवराज के प्रेम संबंध थे। युवराज उस लड़की की मां को मम्मा कहकर बुलाता था और लड़की के मामा को मामा कहता था। मृतक की मां कहना है कि लड़की और उसकी मां ने युवराज को पहले शादी का वादा किया, घरेलू संबंध रखे और 3 साल बाद उसे फोन पर ब्लॉक कर दिया।
मां ने कहा- इन्होंने ही युवराज को गुरदासपुर बुलाया था। वहां इन तीनों ने युवराज को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जिससे उसने धीरा नहर में कूदकर अपनी जान दे दी। 5 दिन बाद युवराज की लाश चक्की नहर में सिंबली गुजरां के पास मिली।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया है। उसका नाम लवली है और वह गुरदासपुर का रहने वाला है। वहीं, आरोपी लड़की जेसिका और उसकी मां अमन के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है। ये दोनों ने पठानकोट के सरना की रहने वाली हैं।
हालांकि, इनकी अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिवार इनकी गिरफ्तारी पर ही अड़ा है। मंगलवार को भी इसे लेकर लोगों ने रोड जाम कर प्रदर्शन किया, जो देर रात तक चलता रहा।
मृतक की मां ने पुलिस से सभी तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
मृतक की मां ने अंतिम रात की कहानी सुनाई…
- पहले पति खोया, अब इकलौता बेटा भी गया: मृतक युवराज की मां पूजा ने बताया कि उनके पति पंजाब पुलिस में थे, जिनकी 2022 में ड्यूटी के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद उनके 21 साल के बेटे युवराज को उसके पिता की जगह पुलिस विभाग में नौकरी मिल गई थी। 2 साल पहले उसने नौकरी जॉइन की। युवराज इकलौता बेटा था। वहीं, युवराज की एक 22 वर्षीय बहन भी है। युवराज दोनों का इकलौता सहारा था।
- स्कूल टाइम से युवराज और जेसिका का था प्रेम प्रसंग: मां पूजा ने बताया कि युवराज और जेसिका पठानकोट शहर के मिशन रोड स्थित स्कूल में एक साथ पढ़ते थे। इसी दौरान दोनों के प्रेम संबंध बने। पूजा का आरोप है कि इसमें मुख्य भूमिका अमन (जेसिका की माता) की थी। युवराज और जेसिका के परिवार का मेल-मिलाप करीब 3 साल से चल रहा था और अमन ने युवराज की शादी अपनी लड़की जेसिका के साथ करवाने का झांसा दिया हुआ था।
- युवराज का नंबर किया ब्लॉक: पूजा के मुताबिक, करीब 3 महीने पहले जब युवराज अपनी शुरुआती ट्रेनिंग करने के लिए ट्रेनिंग सेंटर कपूरथला गया था, तो अमन और जेसिका दोनों ने युवराज का नंबर ब्लॉक कर दिया था।

- स्पेशल ड्यूटी पर आया था अमृतसर: पूजा ने बताया कि ट्रेनिंग सेंटर से युवराज विशेष ड्यूटी के लिए अमृतसर आया था। इसी दौरान उसे टाइफाइड हो गया। स्वास्थ्य ठीक न होने की वजह से वह घर आ गया। पूजा के मुताबिक, 11 जून को युवराज घर में था। तभी युवराज के मोबाइल पर शाम के लगभग साढ़े 6 बजे अमन का फोन आया। इसके बाद युवराज ने रात के लगभग 8 बजे मुझे कहा कि अमन मम्मा गुरदासपुर गई हैं। अमन मम्मा व लवली मामा ने मुझे वहां बुलाया है, जहां वे पूरे परिवार समेत गए हुए हैं।
- 8 बजे घर से गुरदासपुर के लिए निकला युवराज: पूजा के मुताबिक, युवराज अपनी थार (PB02DC-9994) पर सवार होकर घर से गुरदासपुर के लिए निकल गया। रात लगभग 10 बजे तक उसके लौटने का इंतजार किया, जिसके बाद उसने अपने फोन से युवराज से बात की। पहली कॉल उठाने पर युवराज ने कहा कि आज अमन मम्मा और लवली मामा के साथ बहुत बातें हुई हैं, जो मैं तुम्हें वापस आकर बताऊंगा।

- अमन ने बताया कि युवराज कुछ कर न ले: मृतक की मां ने बताया- रात लगभग 11 बजे मुझे अमन का फोन आया कि युवराज धीरा नहर पुल पर है और कुछ परेशान है। वह अपने आप को कुछ गलत न कर ले, क्योंकि उस जगह के पास नहर, श्मशान घाट और रेलवे लाइन है। यह सुनकर मैंने युवराज के दोस्त पीयूष को कॉल की और उसे युवराज का पता लगाने के लिए इंदिरा कॉलोनी मोड़ भेजा। पीयूष ने इंदिरा कॉलोनी मोड़, पठानकोट पहुंचकर उसे कॉल की और बताया कि युवराज यहां नहीं है।
- अमन ने धीरा पुल के पास खोजने की बात कही: पूजा के मुताबिक, रात करीब 11:05 बजे पीयूष ने अमन को दोबारा फोन किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। फिर रात करीब 11:22 बजे पीयूष को अमन का फोन आया। अमन ने पीयूष से कहा कि युवराज की तलाश धीरा नहर की तरफ की जाए, जिसके बारे में पीयूष ने पूजा को बताया। पूजा ने कहा कि अगर अमन का परिवार उस समय गुरदासपुर में था तो उसे कैसे पता चला कि युवराज धीरा पुल के पास है।
- 12 जून की सुबह गाड़ी मिली: पूजा ने बताया कि अगली सुबह 12 जून को किसी ने फोन कर बताया कि युवराज की कार धीरा नहर पुल के पास खड़ी है। इसके बाद परिवार ने पुलिस को लिखित शिकायत दी और पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। पीड़ित मां ने रो-रोकर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई और इंसाफ की गुहार लगाई है।

DSP बोले- मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया
यह मामला थाना-2 में दर्ज हुआ है। DSP सिटी संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के दौरान जिन अन्य लोगों की भूमिका सामने आएगी, उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और पुलिस जांच में सहयोग करने की अपील की। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰
यह खबर भी पढ़ें…
पठानकोट में पुलिस कांस्टेबल के संस्कार से परिवार का इनकर, तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े

पठानकोट में पुलिस कांस्टेबल की मौत के मामले में परिवार ने वाल्मीकि चौक में धरना शुरू कर दिया। परिवार पुलिसिया कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। मंगलवार सुबह युवराज के पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने 3 लोगों पर एफआईआर रजिस्टर होने और एक आरोपी के गिरफ्तार होने की बात भी कही। पढ़ें पूरी खबर…

