फरीदकोट में घरों के बाहर लगे ‘मकान बिकाऊ’ के पोस्टर: तस्करों से परेशान होकर लोगों का फैसला, पुलिस बोली;आपसी झगड़े का मामला – Faridkot News

फरीदकोट में घरों के बाहर लगे ‘मकान बिकाऊ’ के पोस्टर:  तस्करों से परेशान होकर लोगों का फैसला, पुलिस बोली;आपसी झगड़े का मामला – Faridkot News




फरीदकोट जिले में कोटकपूरा के जैतो रोड स्थित वार्ड नंबर 17 की लालेआना बस्ती में कई घरों के बाहर लगाए गए “मकान बिकाऊ है” के पोस्टरों ने एक विवाद खड़ा कर दिया है। परिवारों ने इसे नशा तस्करों की गतिविधियों और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ अपना विरोध बताया है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय प्रतिनिधियों और पुलिस का कहना है कि मामले को वास्तविकता से अलग रूप देकर पेश किया जा रहा है। पोस्टर लगाने वाले परिवारों का आरोप है कि बस्ती में एक परिवार की संदिग्ध गतिविधियों से माहौल खराब हो रहा है। उनका कहना है कि विरोध करने पर उन्हें धमकियों और विवादों का सामना करना पड़ता है। इसी कारण उन्होंने अपने घर बेचकर दूसरी जगह बसने की चेतावनी देते हुए पोस्टर लगाए हैं। मोहल्ला निवासी साजन सिंह, कुलदीप कौर और सुक्खा सिंह सहित अन्य लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन उनकी चिंताओं को गंभीरता से नहीं लेता तो उन्हें मजबूरन यह कदम उठाना पड़ेगा। हालांकि मामले का दूसरा पक्ष इन आरोपों को सिरे से खारिज कर रहा है। वार्ड की पार्षद के पति गुरसेवक सिंह का कहना है कि बस्ती में नशा तस्करी होने संबंधी आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। उनके अनुसार नगर काउंसिल चुनाव से पहले दो पक्षों के बीच हुआ विवाद ही पूरे घटनाक्रम की जड़ है और अब उसी विवाद को अलग दिशा देने की कोशिश की जा रही है। पुलिस भी फिलहाल मामले को आपसी टकराव के नजरिए से देख रही है। जब अपराध रोकने की कार्रवाई के लिए बुलाया तो लगाए पोस्टर: डीएसपी डीएसपी संजीव कुमार के अनुसार दोनों पक्षों को अपराध रोकू कार्रवाई के तहत जमानतें करवाने के लिए बुलाया गया था। हालांकि एक पक्ष ने पोस्टर लगाकर विवाद खड़ा कर दिया है। जिस व्यक्ति पर तस्करी के आरोप लगाए जा रहे हैं, उसे जनवरी माह में महज 6 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया था। इसके बाद निगरानी के बावजूद क्षेत्र से नशा तस्करी की कोई नई शिकायत सामने नहीं आई। केवल आरोपों के आधार पर किसी को नशा तस्कर घोषित नहीं किया जा सकता और पुलिस तथ्यों के आधार पर ही कार्रवाई करेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *