लुधियाना ऑटो में बैठी सवारी का उड़ाया सोना: घंटाघर और माता रानी चौक के बीच रची साजिश,ऑटो गैंग ने बैग का लॉक तोड़कर उड़ाए जेवर – Ludhiana News
लुधियाना में ऑटो गैंग के हौसले बुलंद हैं। लुधियाना रेलवे स्टेशन के बाहर से ऑटो में सवार हुई एक फैमिली शातिर चोरों का शिकार हो गई। शातिर ऑटो चालक और उसके तीन अज्ञात साथियों ने मिलकर एक महिला के बैग का ताला तोड़कर उसके सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया गया कि पीड़ित परिवार को भनक तक नहीं लगी। जब वे बस्ती जोधेवाल चौक पर उतरे तब बैग का टूटा लॉक देखकर उनके होश उड़ गए। थाना 1 पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। माता रानी चौक पर बिठाए थे दो और गुर्गे पीड़ित सुनील साहनी (32 वर्ष) निवासी गली नंबर 4, शिवानी टेक्सटाइल के पास, बस्ती जोधेवाल, लुधियाना ने पुलिस को दिए बयान में आपबीती सुनाई। सुनील ने बताया कि 24 मई 2026 को वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ लुधियाना रेलवे स्टेशन के बाहर पहुंचे थे। वहां से उन्होंने बस्ती जोधेवाल जाने के लिए एक ऑटो किराए पर लिया। पीड़ित परिवार के पास सामान के दो बड़े बैग थे, जिनमें से एक बैग के अंदर उसकी पत्नी के सोने के कीमती जेवर रखे हुए थे। जब वे ऑटो में बैठे, तो चालक के अलावा उसमें पहले से ही एक अज्ञात व्यक्ति सवार था, जो इस गैंग का ही हिस्सा था। ऑटो चालक ने गाड़ी को घंटाघर चौक की तरफ बढ़ा दिया। इसके बाद जैसे ही ऑटो माता रानी चौक के पास पहुंचा, तो ड्राइवर ने साजिश के तहत गाड़ी रोकी और दो और अज्ञात युवकों को अंदर बिठा लिया। अब ऑटो में पीड़ित परिवार के अलावा 4 शातिर लोग मौजूद थे। बस्ती जोधेवाल चौक पहुंचते ही उड़ गए होश, लॉक टूटा और जेवर गायब! रास्ते में इन शातिरों ने बड़ी ही चालाकी से पीड़ित परिवार का ध्यान भटकाया और गहनों वाले बैग का लॉक कटर या मास्टर की से तोड़ दिया। बैग के अंदर रखे सोने के गहने निकालकर चोरों ने अपनी जेबों में डाल लिए। जैसे ही ऑटो बस्ती जोधेवाल चौक पहुंचा, सुनील साहनी अपनी पत्नी और बच्चों के साथ नीचे उतर गया। ऑटो से उतरने के बाद जब उन्होंने अपना सामान चेक किया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बैग का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखे सोने के सारे गहने गायब थे। जब तक वे कुछ समझ पाते, ऑटो चालक अपने साथियों समेत रफूचक्कर हो चुका था। पुलिस एक्शन में: BNS की धाराओं के तहत FIR दर्ज सुनील साहनी को पूरा यकीन है कि इस चोरी को ऑटो चालक और उसके साथ बैठे उन 3 अज्ञात बदमाशों ने ही अंजाम दिया है। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस 15 जून को आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
Source link

