पंजाब कांग्रेस प्रधान की SC कमीशन को चुनौती: हजार बार कह दिया जसबीर सिंह गढ़ी के सामने पेश नहीं होऊंगा, जो करना है कर लें – Ludhiana News

पंजाब कांग्रेस प्रधान की SC कमीशन को चुनौती:  हजार बार कह दिया जसबीर सिंह गढ़ी के सामने पेश नहीं होऊंगा, जो करना है कर लें – Ludhiana News




पंजाब कांग्रेस के प्रधान और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पंजाब राज्य एससी कमीशन के चेयरमैन जसबीर सिंह गढ़ी को खुली चुनौती दी है। कमीशन द्वारा तलब किए जाने पर राजा वड़िंग ने साफ इनकार करते हुए दो टूक कह दिया है कि वे कमीशन के सामने पेश नहीं होंगे। वड़िंग ने कमीशन के चेयरमैन जसबीर सिंह गढ़ी पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। वड़िंग ने कहा कि 25 हजार बार कह दिया कि मैं गढ़ी के सामने पेश नहीं होऊंगा। उन्हें जो करना है, कर लें। अगर मुझे जरूरत पड़ी, तो मैं सीधा अदालत के सामने पेश हो जाउंगा। राजा वड़िंग को कमीशन ने पेश होने के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने जाने से मना कर दिया। वड़िंग ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि “मैं संवैधानिक पद का पूरा सम्मान करता हूं, लेकिन चेयरमैन जसबीर सिंह गढ़ी अपने अधिकारों का सरासर दुरुपयोग कर रहे हैं। वे स्वतंत्र रूप से काम करने के बजाय मौजूदा सरकार के नुमाइंदे बनकर काम कर रहे हैं। वे जानबूझकर प्रोसीडिंग (कमीशन की कार्यवाही) की वीडियो लीक करते हैं, ताकि मुझे बदनाम किया जा सके। उनकी कार्यप्रणाली पर तो अदालत भी कई बार सख्त टिप्पणियां कर चुकी है।” सरकार के नुमाइंदे बनकर काम कर रहे गढ़ी राजा वड़िंग ने कहा कि चेयरमैन जसबीर सिंह गढ़ी सरकार के नुमाइंदे बनकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वो प्रोटोकॉल को नहीं समझते। अदालत भी उनके इस रवैये पर टिप्पणी कर चुकी हैं। जसबीर सिंह गढ़ी राजा वड़िंग को बूटा सिंह पर दिए गए बयान के मामले में भी पहले तलब कर चुके हैं। दलित समुदाय पर टिप्पणी करने का आरोप लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान राजा वड़िंग का एक कथित ऑडियो/वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। आरोप है कि इस चुनावी अभियान के दौरान उन्होंने दलित समुदाय को लेकर आपत्तिजनक और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया था। कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर ने भी यह मामला कमीशन के संज्ञान में लाया था। वड़िंग पर एक अन्य मामले में पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री बूटा सिंह के रंग और उनके बैकग्राउंड को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है। इस मामले में कपूरथला में उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और SC/ST एक्ट के तहत FIR भी दर्ज हो चुकी है। वॉयस सैंपल और जांच रिपोर्ट पर फंसा है पेंच इस मामले में एससी कमीशन ने कड़ा रुख अपनाया हुआ है। कमीशन के चेयरमैन जसबीर सिंह गढ़ी ने पंजाब पुलिस को आदेश दिए थे कि इस पूरे मामले की जांच तेजी से की जाए।कमीशन ने पूर्व में पुलिस को निर्देश दिए थे कि राजा वड़िंग का वॉयस सैंपल लिया जाए और उसकी फॉरेंसिक जांच करवाई जाए, ताकि वायरल क्लिप की सच्चाई सामने आ सके।पुलिस ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा से भी जानकारी मांगी है कि यह वीडियो कहां से और किसने सबसे पहले अपलोड किया था। वड़िंग का दावा: ‘7 साल पुराना फर्जी ऑडियो, ‘आप’ रच रही साजिश’ दूसरी तरफ, राजा वड़िंग इन आरोपों को सिरे से खारिज कर चुके हैं। उनका कहना है कि यह ऑडियो पूरी तरह से नकली है। वड़िंग के मुताबिक “यह कथित ऑडियो करीब 7 साल पुराना है, जिसे तब भी मुझे बदनाम करने के लिए फैलाया गया था। अब आम आदमी पार्टी (AAP) राजनीतिक द्वेष के तहत इसे दोबारा हवा दे रही है और एससी कमीशन का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के रूप में कर रही है। कोई बच्चा भी सुनकर बता सकता है कि वह आवाज मेरी नहीं है।” वड़िंग ने इस संबंध में पंजाब के डीजीपी को पत्र लिखकर फर्जी प्रोपेगैंडा फैलाने वालों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है और साफ कर दिया है कि वे कमीशन की इस एकतरफा कार्रवाई के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *