मनप्रीत इयाली का दावा- अमृतपाल सिंह होंगे सीएम फेस: अकाली दल वारिस पंजाब दे की सरकार बनी तो एक हिंदू व एक दलित उपमुख्यमंत्री – Khanna News
पायल में अकाली दल वारिस पंजाब दे ने सांसद अमृतपाल सिंह खालसा और बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर एक विशाल रोष मार्च निकाला। लगभग 12 किलोमीटर लंबे इस मार्च में बड़ी संख्या में युवाओं और पार्टी समर्थकों ने हिस्सा लिया। मार्च के दौरान नेताओं ने बंदी सिखों और अमृतपाल सिंह की रिहाई के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकारों की आलोचना की। रोष मार्च में अमृतपाल सिंह खालसा के पिता तरसेम सिंह खालसा ने कहा कि बंदी सिख अपनी सजा पूरी कर चुके हैं, लेकिन उन्हें अभी तक रिहा नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उन्हें पैरोल भी नहीं दे रही है। तरसेम सिंह ने दोहराया कि सिख समुदाय के अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष जारी रहेगा। पंजाब के साथ भेदभाव का आरोप तरसेम सिंह खालसा ने यह भी कहा कि पंजाब के साथ विभिन्न क्षेत्रों में भेदभाव हो रहा है। उन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब की बैठक का उल्लेख करते हुए सुझाव दिया कि यदि बंदी सिखों की रिहाई के लिए कोई बड़ा आंदोलन शुरू होता है तो उसकी अगुवाई श्री अकाल तख्त साहिब को करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि अमृतपाल सिंह की रिहाई के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। कोशिश है कि उन्हें चुनावों से पहले रिहा कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने बाधाएं डालीं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। समाजिक संतुलन को दिया जाएगा ध्यान इस मार्च के दौरान विधायक मनप्रीत सिंह इयाली का बयान चर्चा का विषय रहा। इयाली ने कहा कि वह पंथ की सेवा के लिए समर्पित हैं और उन्हें किसी पद या अध्यक्षता की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भाई अमृतपाल सिंह खालसा पंजाब में मुख्यमंत्री पद का चेहरा (CM फेस) होंगे। इयाली ने आगे कहा कि भविष्य में बनने वाली सरकार में सामाजिक संतुलन को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि एक हिंदू और एक दलित समुदाय से जुड़े नेता को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पार्टी नेता संदीप रुपालों ने पुष्टि की कि पायल में निकाले गए 12 किलोमीटर लंबे रोष मार्च में युवाओं की भारी भागीदारी देखी गई।
Source link

