फाजिल्का में नहर किनारे युवक का शव मिला: परिजनों ने लगाए आरोप, जेब से संदिग्ध पदार्थ मिलने का दावा – Fazilka News
फाजिल्का-मलोट हाईवे पर इस्लामवाला नहर के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, मृतक के परिजनों ने घटना को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक की पहचान गांव निवासी हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है। संदीप सिंह ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि इस्लामवाला नहर के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने शव की पहचान हरजिंदर सिंह के रूप में की। उन्होंने दावा किया कि पुलिस की मौजूदगी में तलाशी लेने पर मृतक की जेब से एक संदिग्ध नशीला पदार्थ भी बरामद हुआ। मृतक की पत्नी ने बताया कि हरजिंदर सिंह गांव टाहलीवाला बोदला के पास निर्माणाधीन पुल परियोजना में काम करता था। वह बुधवार सुबह घर से काम पर गया था। शाम करीब चार बजे जब उन्होंने फोन किया तो उसने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में फोन पर सूचना मिली कि हरजिंदर का शव इस्लामवाला नहर के पास मिला है। पत्नी ने उसके साथ काम करने वाले एक साथी पर शक जताते हुए जांच की मांग की है। मृतक की बहन बोली- पुलिस को सभी से पूछताछ करनी चाहिए मृतक की बहन चरणजीत कौर ने कहा कि पुलिस को हरजिंदर के साथ काम करने वाले सभी लोगों से पूछताछ करनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और परिवार को इंसाफ मिल सके। वहीं, मृतक के साले सुखदेव सिंह ने आरोप लगाया कि करीब एक वर्ष पहले उन्होंने हरजिंदर के साथी मंजीत उर्फ मनु के खिलाफ शिकायत भी दी थी। उनका आरोप है कि उसी ने हरजिंदर को नशे की लत लगाई, जिससे परिवार बर्बाद हो गया। उन्होंने इलाके में खुलेआम नशा बिकने का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। दूसरी ओर, आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंजीत ने कहा कि हरजिंदर उसके पास काम करता था, लेकिन घटना वाले दिन वह अपने बेटे के जन्मदिन के कारण जल्दी घर लौट आया था। उसने दावा किया कि हरजिंदर नशा करने का आदी था और उसे कई बार समझाया गया था। पुलिस अधिकारी रमन कंबोज ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link

