जगराओं चुनावी हिंसा में नया मोड़: कांग्रेस की शिकायत पर AAP पार्षद के बेटे समेत 19 लोगों पर क्रॉस केस दर्ज – Jagraon News

जगराओं चुनावी हिंसा में नया मोड़:  कांग्रेस की शिकायत पर AAP पार्षद के बेटे समेत 19 लोगों पर क्रॉस केस दर्ज – Jagraon News




जगराओं में नगर कौंसिल चुनावों के दौरान वार्ड नंबर 13 में हुई चुनावी हिंसा के मामले में नया मोड़ आ गया है। इस घटना में अब थाना सिटी जगराओं पुलिस ने कांग्रेस समर्थक संदीप सिंह की शिकायत पर आम आदमी पार्टी (आप) की नव-निर्वाचित महिला पार्षद सुनैना मल्होत्रा के बेटे साजन मल्होत्रा सहित 19 लोगों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज किया है। पहले इस मामले में केवल कांग्रेस समर्थकों के खिलाफ ही मामला दर्ज किया गया था। पुलिस जांच के दौरान महिला पार्षद सुनैना मल्होत्रा के खिलाफ लगाए गए आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हो सकी, जिसके कारण उन्हें मामले में नामजद नहीं किया गया। हालांकि, उनके बेटे साजन मल्होत्रा के खिलाफ मामला दर्ज होने से स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। साजन को क्षेत्र की विधायक सरबजीत कौर मानूके के करीबी समर्थकों में से एक माना जाता है। यह घटना नगर कौंसिल चुनाव प्रचार के दौरान वार्ड नंबर 13 में हुई थी, जब कांग्रेस और आप समर्थक आमने-सामने आ गए थे। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाने, डंडों से हमला करने और हिंसा फैलाने के आरोप लगाए थे। इस झड़प में कई लोग घायल हुए थे, जिनमें आप की उम्मीदवार और वर्तमान पार्षद सुनैना मल्होत्रा तथा उनके लुधियाना से आए भाई भी शामिल बताए गए थे। घटना के तुरंत बाद, आप पक्ष की शिकायत पर कांग्रेस समर्थकों के खिलाफ पहला मामला दर्ज किया गया था। अब कांग्रेस पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस मामले को क्रॉस केस का रूप दे दिया है। रोड शो के दौरान भड़का विवाद मामले की जांच कर रहे एएसआई गुरजीत सिंह के अनुसार शिकायतकर्ता संदीप सिंह पुत्र राम सिंह निवासी मोहल्ला आवे ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि नगर परिषद चुनावों में कांग्रेस उम्मीदवार अनीता रानी के समर्थन में 24 जून को करीब 70 कार्यकर्ता घर-घर प्रचार कर रहे थे। दोपहर लगभग 3:45 बजे जब उनका रोड शो मेरी गेट गुरुद्वारे के सामने पहुंचा तो वहां आप उम्मीदवार सुनैना मल्होत्रा के समर्थन में लगभग 100 कार्यकर्ता प्रचार कर रहे थे। शिकायत के मुताबिक दोनों पक्षों के आमने-सामने आने पर आप समर्थकों ने कांग्रेस विरोधी नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान कथित रूप से मनिंदर सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बहस शुरू कर दी, जिसके बाद विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। ईंट-पत्थर और डंडों से हमला करने के आरोप संदीप सिंह ने आरोप लगाया कि साजन मल्होत्रा, सुनील कुमार उर्फ सनी, तरसेम सिंह, विकास मल्होत्रा उर्फ विक्की, नरिंदर कुमार उर्फ निंदी, आकाश, मनिंदर सिंह तथा अन्य लोगों ने कांग्रेस समर्थकों को घेर लिया। आरोप है कि उनके ऊपर ईंट-पत्थर बरसाए गए, झंडों के डंडों से हमला किया गया और जान से मारने की धमकियां दी गईं। शिकायतकर्ता के अनुसार हमले में उसके सिर के पिछले हिस्से पर पत्थर लगने से गंभीर चोट आई, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें पहुंचीं। उसने बताया कि वह और उसके साथी किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। बाद में उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल जगराओं में भर्ती कराया गया। इन लोगों को किया गया नामजद पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर साजन मल्होत्रा निवासी प्रताप नगर, सुनील कुमार उर्फ सनी, तरसेम सिंह, विकास मल्होत्रा उर्फ विक्की, नरिंदर कुमार उर्फ निंदी, आकाश, मनिंदर सिंह समेत 10 से 12 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। दोनों पक्षों की शिकायतों, मेडिकल रिपोर्टों और अन्य सबूतों के आधार पर तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। चुनावी रंजिश से जुड़े इस मामले पर पूरे क्षेत्र की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि अब दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *