फरीदकोट में देसी पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार: अनाज मंडी के पास गश्त के दौरान दबोचा, तीन जिंदा कारतूस भी मिले – Faridkot News
फरीदकोट में जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने एक व्यक्ति को देसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान तरनतारन निवासी सरूप सिंह पुत्र मुख्तयार सिंह के रूप में हुई जिसके खिलाफ थाना सिटी फरीदकोट में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के दिशा-निर्देशों पर समाज विरोधी तत्वों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार रात सीआईए स्टाफ फरीदकोट के एएसआई परमिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान जब पुलिस पार्टी अनाज मंडी स्थित टॉवर वर्क्स के पास पहुंची तो उक्त व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। शक के आधार पर पुलिस ने उसे काबू कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .32 बोर की एक देसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। रिमांड पर लेकर बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जाएंगे-जांच अधिकारी इस मामले में जांच अधिकारी एएसआई परमिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। पूछताछ के दौरान बरामद हथियार के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जाएंगे। इसके अलावा आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
Source link

