अबोहर में 13 घंटे से बिजली गुल: भड़के लोगों ने बिजली दफ्तर में दिया धरना; गर्मी में गुजारनी पड़ी रात – Abohar News
अबोहर के वार्ड नंबर 32 के लोगों ने पिछले 13 घंटों से बिजली आपूर्ति बाधित होने के विरोध में आज बिजली बोर्ड कार्यालय में धरना दिया। यह बिजली कटौती कल रात 11 बजे से आज दोपहर 12 बजे तक जारी रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। समाज सेवक राजेश गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं इस धरने में शामिल हुईं। धरने पर मौजूद राजेश गुप्ता, पुष्पा देवी, अमित कुमार, भारती, कृष्णा, पार्वती, मधु और प्रेमलता ने अपनी समस्या बताई। उन्होंने बताया कि वे सभी गली नंबर 3-4, किलकारी स्कूल के पास रहते हैं। उनके घरों को बिजली की आपूर्ति गली नंबर 4 स्थित शनिदेव मंदिर के पास लगे ट्रांसफार्मर से होती है। इस ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक कनेक्शन होने के कारण लोड बढ़ जाता है, जिससे अक्सर इसके फ्यूज उड़ जाते हैं और बिजली गुल हो जाती है। बिजली आपूर्ति सुचारु न होने से उनके घरों में लगे उपकरण भी नहीं चल पाते। कल रात से बिजली न होने के कारण लोगों को भयंकर गर्मी का सामना करना पड़ा और पूरी रात गर्मी में गुजारनी पड़ी। इससे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हुई। बड़े क्षमता वाला नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए लोगों ने मांग की कि उनके वार्ड में एक बड़े क्षमता वाला नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए ताकि उन्हें पूरी बिजली मिल सके। राजेश गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में एक्सईएन को एक ज्ञापन भी सौंपा गया है, जिन्होंने कुछ घंटों में बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है।
Source link

