मोहाली में रूस भेजने के नाम पर ₹7 लाख ठगे: वर्क की जगह थमाया स्टडी वीजा, चेक भी बाउंस; 3 साल पुराने मामले में FIR – Mohali News

मोहाली में रूस भेजने के नाम पर ₹7 लाख ठगे:  वर्क की जगह थमाया स्टडी वीजा, चेक भी बाउंस; 3 साल पुराने मामले में FIR – Mohali News




मोहाली के जीरकपुर में रूस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 7 लाख रुपए ठग लिए। इतना ही नहीं जो चेक युवक को दिए गए वो भी बाउंस हो गए। जीरकपुर पुलिस ने ट्रैवल एजेंट और इमीग्रेशन कंपनी के संचालक के खिलाफ आज धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की जांच के बाद की गई है। आरोपियों की पहचान गुरतेज सिंह और नवीन गुप्ता के रूप में हुई है। पटियाला जिले के गांव रामनगर सैणियां के रहने वाले हरप्रीत सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। वर्ष 2023 में हरप्रीत ने विदेश में नौकरी के लिए गुरतेज सिंह और ‘फ्लाई टू स्काई’ ट्रैवल एजेंसी के संचालक नवीन गुप्ता से संपर्क किया था। आरोप है कि दोनों ने पहले उसे क्रोएशिया और फिर पुर्तगाल भेजने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में रूस में नौकरी दिलाने का दावा करते हुए उससे अलग-अलग बैंक खातों में 7 लाख रुपए जमा करवा लिए। वर्क वीजा के नाम पर थमाया स्टडी वीजा शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपियों ने उसे झांसा दिया कि उसका वर्क वीजा तैयार हो चुका है और फ्लाइट की तारीख भी तय कर दी गई है। जब हरप्रीत ने रूस की कंपनी, नौकरी और दस्तावेजों की जानकारी मांगी, तो आरोपी टालमटोल करने लगे। शक होने पर हरप्रीत ने खुद जांच की, तो पता चला कि जिसे वर्क वीजा बताया जा रहा था, वह वास्तव में स्टडी वीजा था। इसके बाद उसने विदेश जाने से इनकार कर दिया और अपने पैसे वापस मांगने लगे। पैसे लौटाने के नाम पर दिए फर्जी चेक जब हरप्रीत ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने उसे 3 लाख और 4 लाख रुपए के दो चेक दिए। जैसे ही उसने ये चेक बैंक में लगाए, दोनों चेक बाउंस हो गए। इसके बाद आरोपियों ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया और संपर्क से दूरी बना ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को सौंपी गई थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *