मोहाली में वाटर पार्क पार्किंग में कार का शीशा तोड़ा: चोरों ने नकदी, दस्तावेज उड़ाए; पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही – Mohali News
गर्मी से राहत पाने और परिवार के साथ समय बिताने फन सिटी वाटर पार्क पहुंचे पर्यटकों को उस समय बड़ा झटका लगा, जब अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े पार्क की पार्किंग में खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर हाथ साफ कर दिया। इस वारदात ने वाटर पार्क प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और दावों की पोल खोल कर रख दी है। ढाई घंटे के भीतर वारदात को दिया अंजाम मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा के फतेहाबाद जिले के गांव बरसीन निवासी अजीत कुमार अपने दोस्त कपिल पूनिया और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ फन सिटी वाटर पार्क आए थे। उन्होंने अपनी कार को पार्क की अधिकृत पार्किंग में सुरक्षित खड़ा किया और परिवार सहित पार्क के अंदर चले गए। लगभग ढाई घंटे बाद जब पीड़ित परिवार वापस लौटा, तो कार की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। चोरों ने कार की खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर रखा सारा कीमती सामान गायब कर दिया था। तीन पर्स, नकदी और आईडी कार्ड्स पर साफ किया हाथ पीड़ितों ने बताया कि चोर कार के अंदर रखे तीन अलग-अलग पर्स चोरी कर ले गए। इन पर्सों में कुल 29,500 रुपये नकद, विभिन्न पहचान पत्र (आईडी कार्ड) और कई अन्य बेहद जरूरी और आवश्यक दस्तावेज शामिल थे। पीड़ित परिवार ने तुरंत इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और वाटर पार्क के सुरक्षा स्टाफ को दी। पार्किंग की सुरक्षा पर खड़े हुए गंभीर सवाल दिनदहाड़े प्रसिद्ध वाटर पार्क की पार्किंग में हुई इस दुस्साहसिक चोरी की घटना से वहां आए अन्य पर्यटकों और आगंतुकों में भारी चिंता और डर का माहौल है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने रोष जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में आने वाले लोगों से पार्किंग शुल्क लेने के बावजूद सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। लोगों ने मांग की है कि पार्किंग क्षेत्रों में सुरक्षा कर्मियों की गश्त बढ़ाई जाए और सीसीटीवी कैमरों की संख्या में इजाफा किया जाए। पुलिस जांच में जुटी, खंगाले जा रहे हैं CCTV फुटेज पुलिस प्रशासन के अनुसार पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वाटर पार्क की पार्किंग और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को गहनता से खंगाला जा रहा है। संदिग्धों की पहचान के लिए टीमें लगा दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
Source link

