जालंधर-मोगा मार्ग पर ट्रक ने बाइक सवार को कुचला: चालक ने अचानक वाहन मोड़ा तो चपेट में आया व्यक्ति, मौके पर तोड़ा दम – Moga News
जालंधर-मोगा मुख्य मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार सुखदेव सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव जलालाबाद पूर्बी निवासी सुखदेव सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल मोगा भेजा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार, सुखदेव सिंह अपने मोटरसाइकिल पर गांव जलालाबाद से धर्मकोट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जालंधर-मोगा मेन हाईवे पर मोगा की तरफ से आ रहे एक ट्रक के चालक ने कथित तौर लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए ट्रक को धर्मकोट की ओर मोड़ दिया। अचानक ट्रक के मुड़ने से सुखदेव सिंह उसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। ट्रक चालक पर लापरवाही का आरोप, पुलिस ने हिरासत में लिया
मृतक के भाई जोरा सिंह, निवासी जलालाबाद पूर्बी, ने पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि यह हादसा ट्रक चालक की लापरवाही के कारण हुआ है। शिकायत के आधार पर, पुलिस ने ट्रक चालक रिखी राम, निवासी हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच कर रहे सहायक थानेदार हरप्रीत सिंह ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

