संगरूर में पेट्रोल पंप लूटकांड सुलझा: पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा, हथियार, वाहन और लूटी गई नकदी बरामद – Barnala News
संगरूर पुलिस ने गांव खनाल कलां में हुए पेट्रोल पंप लूट मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो देसी पिस्तौल, एक कार, एक मोटरसाइकिल और लूटी गई नकदी बरामद की गई है। यह वारदात बीते दिनों थाना दिड़बा के तहत आने वाले गांव खनाल कलां स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुई थी। अज्ञात बदमाशों ने यहां से 15,000 रुपये की नकदी छीन ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। संगरूर की सीनियर कप्तान पुलिस (एसएसपी) डॉ. रवजोत ग्रेवाल के दिशा-निर्देशों और कप्तान पुलिस (इन्वेस्टिगेशन) देवेंद्र कुमार अतरी की अगुवाई में थाना दिड़बा पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की। सब डिविजन दिड़बा की डीएसपी रुपिंदर कौर बाजवा की देखरेख में थाना मुखी इंस्पेक्टर जगतार सिंह और सीआईए संगरूर के प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप सिंह की विशेष टीमों ने मामले की गहन जांच की। जांच के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल कमलजीत सिंह उर्फ कमल (निवासी सफीपुर कलां), कमलप्रीत सिंह उर्फ हरमन (निवासी कमालपुर), जयवीर सिंह उर्फ जोधू और जशन उर्फ किल्लू (दोनों निवासी घनौर राजपूतां) को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से पिस्तौल बरामद पुलिस ने आरोपी कमलजीत सिंह से .32 बोर के दो देसी पिस्तौल बरामद किए हैं। कमलप्रीत सिंह से वारदात में इस्तेमाल किया गया बिना नंबर का एक मोटरसाइकिल और एक स्विफ्ट डिजायर कार मिली है। जशन उर्फ किल्लू से लूटी गई रकम में से 4,800 रुपये बरामद किए गए हैं। कप्तान पुलिस देवेंद्र कुमार अतरी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों से पुलिस गहराई से पूछताछ कर रही है, जिसमें मूनक और आसपास के इलाकों में हुई अन्य वारदातों से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान और भी कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि जिला पुलिस द्वारा आपराधिक और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ चलाई जा रही यह विशेष मुहिम भविष्य में भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगी ताकि इलाके में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जा सके।
Source link

