फिरोजपुर में जमीन के विवाद में फायरिंग: एक व्यक्ति को गोली लगी, एक दिन पहले धमकी देने का आरोप, तीन पर केस – Fazilka News

फिरोजपुर में जमीन के विवाद में फायरिंग:  एक व्यक्ति को गोली लगी, एक दिन पहले धमकी देने का आरोप, तीन पर केस – Fazilka News




फिरोजपुर के तहत आते कस्बा ममदोट के गांव खुंदड़ हिठाड़ में जमीनी विवाद को लेकर सरेआम फायरिंग होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जमीन के रास्ते को लेकर शुरू हुए इस विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसमें एक व्यक्ति गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के समय मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति द्वारा बनाया गया वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रास्ते के विवाद में दो पक्ष आए आमने सामने प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की मुख्य वजह जमीन के साथ लगता रास्ता है, जिसे लेकर दोनों पक्षों में काफी समय से तनातनी चल रही थी। पीड़ित सुखचैन सिंह ने आरोप लगाया कि विरोधी पक्ष के मुख्य आरोपी ने पहले शनिवार रात को उसे फोन पर जान से मारने की धमकियां दी थीं। इसके बाद रविवार सुबह वह अपने अन्य साथियों के साथ गाड़ी में सवार होकर उसके गांव पहुंच गया। वहां दोनों पक्षों में बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी सुखदेव अबरोल ने पिस्तौल निकालकर सुखचैन पर सीधी फायरिंग कर दी। बाजू में लगी गोली रात को मिली थी धमकी फायरिंग के दौरान एक गोली सुखचैन की बाजू को चीरती हुई निकल गई, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल सुखचैन को परिजनों द्वारा तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल फिरोजपुर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मुख्य आरोपी नामजद, दो अज्ञात साथियों की तलाश मामला पुलिस के पास पहुंचते ही थाना ममदोट के एसएचओ (SHO) हरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ कार्रवाई में जुट गए हैं। एसएचओ ने बताया कि जमीन के रास्ते को लेकर हुए इस खूनी संघर्ष में घायल सुखचैन के पिता हरजिंदर सिंह के बयानों को आधार बनाया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुखदेव सिंह (निवासी फिरोजपुर) सहित दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस वायरल वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *