लुधियाना में घर में बुजुर्ग दंपति के शव मिले: बदबू आने पर मोहल्ले वालों ने पुलिस को दी सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस – Ludhiana News
लुधियाना के शिमलापुरी इलाके में एक बंद मकान से बुजुर्ग दंपति के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान 75 वर्षीय कुलदीप सिंह और उनकी पत्नी हरमीत कौर के रूप में हुई है। घर से बदबू आने के बाद मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शिमलापुरी के जनता नगर में स्थित बंद घर से शनिवार को अचानक तेज बदबू आने लगी। दोपहर होते-होते बदबू इतनी बढ़ गई कि आस-पड़ोस के लोगों को किसी अनहोनी का शक हुआ। मोहल्ले वालों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब घर का दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देख सब दंग रह गए। कमरे में बुजुर्ग दंपति के शव पड़े हुए थे। दो दिन पहले तक बिल्कुल ठीक थे बुजुर्ग मोहल्ले के लोगों ने बताया कि कुलदीप सिंह और हरमीत कौर को दो दिन पहले तक गली में सामान्य रूप से घूमते-फिरते देखा गया था। उस समय तक सब कुछ बिल्कुल ठीक-ठाक था। शुक्रवार और शनिवार को जब दोनों में से कोई भी घर से बाहर नहीं निकला और न ही गली में दिखाई दिया, तो लोगों को लगा कि वे घर के भीतर ही होंगे। लेकिन दोपहर को बदबू फैलने के बाद मामले का खुलासा हुआ। मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंच गई। शुरुआती जांच में मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह प्राकृतिक मौत या आत्महत्या का मामला है, या फिर इसके पीछे कोई संदिग्ध वजह है।
Source link

