मोगा में बस कंडक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत: रात को दोस्त के साथ बाइक पर गया था, पर लौटा नहीं, सुबह खेत में मिला शव – Moga News
मोगा जिले के अधीन आते थाना निहाल सिंह वाला के अंतर्गत पड़ते गांव किशनगढ़ (पखरवड्ड) में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव खेतों से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान कुलविंदर सिंह उर्फ काका के रूप में हुई है, जो एक मिनी बस में कंडक्टर का काम करता था। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।घटना की सूचना पाकर सहायक थाना प्रभारी गुरदीप सिंह और वरिंदर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए मोगा के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। दोस्त के साथ गया था, रात भर रहा लापता मृतक कुलविंदर सिंह उर्फ काका (पुत्र जीत सिंह) सलाबतपुरा से बाघा पुराना रूट पर चलने वाली एक मिनी बस पर बतौर कंडक्टर तैनात था। परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम को अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद कुलविंदर ने बस को गांव किशनगढ़ में खड़ा किया था। इसी दौरान उसका दोस्त बलकार सिंह (पुत्र अमरजीत सिंह) मोटरसाइकिल पर आया और कुलविंदर को अपने साथ बिठाकर ले गया। देर रात तक जब कुलविंदर घर वापस नहीं लौटा, तो परिवार वालों को चिंता हुई। परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन बंद आ रहा था। हैरानी की बात यह रही कि कुलविंदर को साथ ले जाने वाले उसके दोस्त बलकार सिंह का मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ मिला। परिजनों ने पूरी रात अपने स्तर पर कुलविंदर की तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लगा। सुबह सेम नाले के पास मिला शव शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास बहते सेम नाले के नजदीक खेतों में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना दी। जब परिजनों और ग्रामीणों ने मौके पर जाकर देखा, तो वह शव कुलविंदर सिंह उर्फ काका का ही था। संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की खबर तुरंत पुलिस को दी गई। हर एंगल से की जा रही है जांच” थाना निहाल सिंह वाला के प्रभारी जतिंदर सिंह ने पुलिस हर पहलू और संभावित एंगल से मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है। युवक की मौत के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा सिविल अस्पताल से आने वाली पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। कुलविंदर के दोस्त बलकार सिंह से भी संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है ताकि घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों और संदिग्ध दोस्त के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस इसे संदिग्ध मौत मानकर तफ्तीश को आगे बढ़ा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत कारण स्पष्ट हो जाएगा। इसके अनुसार जांच को और आगे बढ़ाया जाएगा।
Source link

