AAP-प्रवक्ता बलतेज पन्नू का बड़ा आरोप:: रवनीत बिट्टू के भाई की नौकरी के लिए उम्र और पढ़ाई के नियम बदले – Ludhiana News

AAP-प्रवक्ता बलतेज पन्नू का बड़ा आरोप::  रवनीत बिट्टू के भाई की नौकरी के लिए उम्र और पढ़ाई के नियम बदले – Ludhiana News




केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा पंजाब पुलिस को लेकर दिए गए विवादित बयान पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने तीखा पलटवार किया है। आप के वरिष्ठ प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रवनीत बिट्टू पर चौतरफा हमला बोलते हुए उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पन्नू ने कहा कि एक तरफ तो बिट्टू पंजाब पुलिस के नाकों और जवानों पर उंगली उठा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अपने ही भाई को इसी पुलिस महकमे में बैकडोर एंट्री दिलाने के लिए उन्होंने सारे नियमों की धज्जियां उड़ा दी थीं। पन्नू ने मांग की है कि पंजाब पुलिस का अपमान करने के लिए केंद्रीय मंत्री बिना शर्त माफी मांगें। बलतेज पन्नू ने पूर्ववर्ती अकाली और कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौर में सिर्फ चहेतों को रेवडियां बांटी गईं। उन्होंने सीधे तौर पर रवनीत बिट्टू के भाई की पंजाब पुलिस में सीधी भर्ती (तरस के आधार पर) को लेकर सवाल खड़े किए और कहा कि अगर बिट्टू को पंजाब पुलिस से इतनी ही नफरत है, तो उन्होंने अपने भाई को नियमों को ताक पर रखकर इसी महकमे में भर्ती क्यों करवाया? बलतेज पन्नू के रवनीत सिंह बिट्‌टू पर 5 बड़े आरोप… 1. भाई की सीधी भर्ती के लिए तोड़े गए सारे नियम: पन्नू ने सबसे बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि रवनीत सिंह बिट्टू के भाई की पंजाब पुलिस में सीधी भर्ती पूरी तरह से नियमों के विपरीत जाकर की गई। तरस के आधार पर दी गई इस नौकरी में पूरी पारदर्शिता को गायब कर दिया गया और केवल राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल हुआ। 2. उम्र और पढ़ाई की योग्यताओं में किया गया बदलाव: प्रवक्ता ने दावा किया कि बिट्टू के भाई को महकमे में फिट करने के लिए बकायदा नियमों में संशोधन किया गया। जो उम्र और शैक्षणिक योग्यता आम युवाओं के लिए अनिवार्य होती है, उसे बिट्टू के परिवार के लिए बदल दिया गया। यह पंजाब के लाखों योग्य और बेरोजगार युवाओं के साथ सीधा धोखा था। 3. PPSC को बाईपास कर सीधे बनाया DSP: पन्नू ने तकनीकी पहलू उठाते हुए कहा कि पंजाब में डीएसपी (DSP) स्तर के अधिकारी की भर्ती पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) के जरिए होती है। लेकिन बिट्टू के भाई के मामले में पीपीएससी के इस अनिवार्य नियम को भी तोड़ दिया गया और बिना तय प्रक्रिया के सीधे पंजाब पुलिस का हिस्सा बना दिया गया। 4. ‘नफरत थी तो भाई को तहसीलदार लगवा देते’: बिट्टू के पुलिस विरोधी बयान पर तंज कसते हुए आप प्रवक्ता ने कहा, “अगर रवनीत बिट्टू को पंजाब पुलिस से इतनी ही नफरत है और वहां हर जगह भ्रष्टाचार दिखता है, तो उन्होंने अपने भाई को पुलिस में क्यों भर्ती करवाया? उनके पास तो बड़ा राजनीतिक प्रभाव था, वे चाहते तो अपने भाई को तहसीलदार लगवा देते।” उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली और कांग्रेस दोनों ही सरकारों के राज में सिर्फ अपने लोगों को फायदा पहुंचाने का काम किया गया। 5. ‘प्रधान’ बनने के लिए किया ड्रामा, मांगें बिना शर्त माफी: पन्नू ने आरोप लगाया कि रवनीत बिट्टू ने राजनीतिक रूप से ‘प्रधान’ बनने के लिए यह सारा ड्रामा रचा था, लेकिन उनकी यह इच्छा भी पूरी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि बिट्टू ने पंजाब पुलिस के सब-इंस्पेक्टर और पूरे महकमे के लिए जिन अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है, उसके लिए वे तुरंत और बिना शर्त पंजाब पुलिस से माफी मांगें। बिना सिफारिश हमने 65 हजार भर्तियां की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बलतेज पन्नू ने पंजाब पुलिस का बचाव करते हुए कहा कि जब सड़कों पर नाका लगता है, तो आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस करती है। अगर किसी की गाड़ी में कोई आपत्तिजनक सामान नहीं है, तो उसे पुलिस चेकिंग से क्या आपत्ति हो सकती है? क्या सड़क सुरक्षा बल (SSF) जब हादसों के पीड़ितों को बचाती है, तब लोग पुलिस को गालियां देते हैं? कुछ भी गलत होने पर सबसे पहले पुलिस को दोष देना फैशन बन गया है, जबकि सभी पुलिसवाले खराब नहीं होते। अपनी सरकार की पीठ थपथपाते हुए पन्नू ने कहा कि मौजूदा आप सरकार ने अब तक 65 हजार से अधिक युवाओं को नौकरियां दी हैं। पंजाब के इतिहास में यह पहली बार है कि कोई भी व्यक्ति यह आरोप नहीं लगा सकता कि ये भर्तियां पैसे लेकर या किसी राजनीतिक सिफारिश पर की गई हैं। पंजाब पुलिस के जवान अपनी मेहनत और ईमानदारी के बल पर भर्ती हुए हैं, और केंद्रीय मंत्री द्वारा उनका मनोबल गिराना बेहद निंदनीय है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *