अमृतसर में जिम ट्रेनर ने टी-शर्ट निचोड़ पसीना पिलाया: चेले ने VIDEO अपलोड किया तो गालियां पड़ीं; अब माफी मांगी, कहा- भविष्य में ऐसा नहीं करूंगा – Amritsar News

अमृतसर में जिम ट्रेनर ने टी-शर्ट निचोड़ पसीना पिलाया:  चेले ने VIDEO अपलोड किया तो गालियां पड़ीं; अब माफी मांगी, कहा- भविष्य में ऐसा नहीं करूंगा – Amritsar News




अमृतसर में एक जिम ट्रेनर ने अपने चेले को टी-शर्ट निचोड़कर अपना पसीना पिला दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। 8 सेकेंड के इस वीडियो में जिम ट्रेनर अपने चेले से कहता है- अगर तूने इसे पी लिया, तो तू तगड़ा हो जाएगा। इस वीडियो के अपलोड होने के बाद जिम ट्रेनर को जमकर ट्रोल किया गया, जिससे उसे नया वीडियो जारी कर माफी मांगनी पड़ी। उसने कहा उसने यह वीडियो अपलोड नहीं किया। उसके चेले ने ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया। अब उसे गालियां पड़ रही हैं। अमृतसर में तरनतारन रोड पर द रॉक जिम चलाने वाले ट्रेनर तेजबीर सिंह राणा उर्फ राणारॉक ने कहा- वीडियो से जिनकी भी भावनाएं आहत हुई हैं, मैं उनसे माफी मांगता हूं। भविष्य में मैं इस तरह की कोई वीडियो अपलोड नहीं करूंगा। कंटेंट सोच समझकर बनाया जा जाएगा। माफी वाले वीडियो में राणारॉक ने ये बातें कहीं… राणारॉक ने कहा- मैं आप सबसे अपने विचार साझा करना चाहता हूं। जो पसीने वाली वीडियो वायरल हुई, उसे लेकर मैंने पहले ही राजन से कहा था कि इसे इंस्टाग्राम पर अपलोड मत करना, लेकिन इंसान से कभी भी गलती हो सकती है और कोई भी पूरी तरह परफेक्ट नहीं होता। राणारॉक ने कहा कि जिस दिन वीडियो अपलोड हुई, उस दिन रविवार की छुट्टी थी और वह दूसरे कामों में व्यस्त था। इंस्टाग्राम का पासवर्ड और रील अपलोड करने की जिम्मेदारी राजन के पास थी। बाद में जब उसने सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग देखी तो उसे पूरे मामले की जानकारी मिली। ट्रेनर ने कहा- जिन्होंने मुझे गालियां दीं, उनका भी मैं धन्यवाद करता हूं, क्योंकि वे भी मेरे अपने लोग हैं। मुझे इस बात की खुशी है कि दुनिया भर के लोग मेरी वीडियो देखते हैं और जब मैं बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए प्रेरणादायक वीडियो बनाता हूं तो मुझे लोगों का भरपूर प्यार मिलता है। उसने गुरबाणी का हवाला देते हुए कहा कि इंसान गलतियों का पुतला है और परमात्मा व साध संगत ही बख्शने वाली है। उसने माना कि जब उसने खुद वह वीडियो दोबारा देखी तो उसे भी वह अच्छी नहीं लगी। इसके बाद राणारॉक ने अपने साथी राजन को भी बोलने के लिए कहा। राजन ने माना कि राणारॉक ने उसे वीडियो अपलोड न करने के लिए कहा था, लेकिन इंस्टाग्राम का पासवर्ड उसके पास होने के कारण उसने ही वीडियो पोस्ट कर दी। राजन ने कहा कि उसे उस समय यह एक सामान्य वीडियो लगी थी। राणारॉक ने आगे कहा कि अब वह अपने सोशल मीडिया पेज से उस वीडियो को हटा देगा। उसने कहा कि दूसरे लोग अपने-अपने पेज पर उसे रखें या हटाएं, यह उनका फैसला है। उसने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मन के अंदर से बैर, विरोध, काम, क्रोध, मोह, झूठ, लोभ, अहंकार और अन्य विकारों को निकालना चाहिए। इंसान को कभी अहंकारी नहीं होना चाहिए और वह खुद भी इन बातों को अपने जीवन में अपनाने की कोशिश करता है। उसने कहा कि इंस्टाग्राम, यूट्यूब और सोशल मीडिया पर जुड़े लोग वास्तव में उसका परिवार हैं। उसे भी लोगों की नाराजगी महसूस हुई। उसने कहा कि ट्रोलिंग देखकर एहसास हुआ कि लोगों को यह वीडियो बिल्कुल पसंद नहीं आई और परिवार के लोग भी इसे देख रहे थे। राणारॉक ने कहा- परिवार में भी कभी-कभी गलती हो जाती है। फिर इंसान माफी मांगकर आगे बढ़ता है। इसी भावना के साथ मैं भी अपने सोशल मीडिया परिवार से माफी मांगता हूं और भरोसा दिलाता हूं कि भविष्य में हर कंटेंट सोच-समझकर बनाया और अपलोड किया जाएगा। अच्छी एडिटिंग और पूरी जिम्मेदारी के साथ ही आगे वीडियो साझा की जाएंगी, ताकि किसी की भावनाएं आहत न हों।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *