हिमाचल में पंजाब के श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी: राहगीर समेत दो की मौत, 35 घायल; PHC बंद होने पर बड़सर अस्पताल पहुंचाए घायल – Barsar News
हिमाचल प्रदेश में रविवार देर रात श्रद्धालुओं से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई। पंजाब के अमृतसर से बाबा बालक नाथ के दियोटसिद्ध मंदिर में माथा टेककर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस बिलासपुर जिले के शाहतलाई क्षेत्र में पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक श्रद्धालु और एक राहगीर शामिल हैं। वहीं, करीब 35 श्रद्धालु घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज हमीरपुर जिले के सिविल अस्पताल बड़सर में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, बस में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे। सभी पंजाब के अमृतसर से बाबा बालक नाथ मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। रविवार रात करीब 10:30 बजे शाहतलाई के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय एक व्यक्ति सड़क पर पैदल जा रहा था। अनियंत्रित बस पहले उसे टक्कर मारते हुए आगे बढ़ी और फिर पलट गई। हादसे में राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार एक श्रद्धालु ने भी दम तोड़ दिया। लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला। कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं घायलों को सबसे पहले शाहतलाई के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले जाया गया, लेकिन वहां स्वास्थ्य केंद्र बंद होने के कारण उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल बड़सर रेफर किया गया। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है और घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
Source link

