फरीदकोट में छात्र को पीटा, बाथरूम में बंद किया: वाशरूम में आपत्तिजनक शब्द लिखने का शक, नाम काटा, प्रिंसिपल-टीचर पर केस – Faridkot News

फरीदकोट में छात्र को पीटा, बाथरूम में बंद किया:  वाशरूम में आपत्तिजनक शब्द लिखने का शक, नाम काटा, प्रिंसिपल-टीचर पर केस – Faridkot News




फरीदकोट जिले के गांव डोड स्थित सरकारी हाई स्कूल में 10वीं कक्षा के एक 14 वर्षीय छात्र के साथ बर्बरता और अमानवीय व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल के बाथरूम में लिखे आपत्तिजनक शब्दों के शक में छात्र की बेरहमी से पिटाई की गई और उसे दो घंटे तक बाथरूम में ही बंधक बनाकर रखा गया। छात्र के पिता चमकौर सिंह की शिकायत पर थाना बाजाखाना पुलिस ने स्कूल के प्रिंसिपल तरसेम लाल मोंगा और क्लास इंचार्ज शिक्षक कुलविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। स्कूल जैसी सुरक्षित जगह पर एक नाबालिग छात्र के साथ इस तरह की प्रताड़ना की घटना के बाद ग्रामीणों और बाल अधिकार कार्यकर्ताओं में गहरा रोष है। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। बाथरूम में लिखे शब्द मिटवाए, फिर किया बंद पीड़ित छात्र के पिता चमकौर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका बेटा बीती 14 जुलाई 2026 को रोजाना की तरह स्कूल गया था। दोपहर करीब एक बजे स्कूल के प्रिंसिपल का फोन आया और उन्हें तुरंत स्कूल बुलाया गया। पिता जब स्कूल पहुंचे, तो उनका बेटा प्रिंसिपल और क्लास इंचार्ज के सामने रो रहा था। प्रिंसिपल ने पिता से कहा कि उनके बेटे का स्कूल से नाम काट दिया गया है और इसे तुरंत घर ले जाएं। घर पहुंचने पर सहमे हुए छात्र ने रोते हुए आपबीती सुनाई: स्कूल के बाथरूम में किसी अज्ञात ने आपत्तिजनक शब्द लिखे थे, जिसका झूठा शक उस पर किया गया। छात्र ने खुद को बेगुनाह बताते हुए मिन्नतें कीं, लेकिन प्रिंसिपल और क्लास इंचार्ज ने एक न सुनी। दोनों ने छात्र की डंडों से बेरहमी से पिटाई की, उससे जबरन वे शब्द मिटवाए और करीब दो घंटे तक उसे बाथरूम के भीतर ही बंद रखा। वर्दी उतारी तो दिखे चोटों के निशान पिता के अनुसार, घर पर जब उन्होंने बेटे की स्कूल वर्दी उतारकर देखी, तो उसके शरीर पर बेरहमी से की गई मारपीट के गहरे नीले निशान थे। इस घटना से छात्र मानसिक रूप से बुरी तरह टूट गया। 16 जुलाई को उसे गंभीर हालत में इलाज और मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल बाजाखाना ले जाया गया। डॉक्टर से प्राथमिक जांच करवाने के बाद, छात्र की अत्यधिक घबराहट और सदमे को देखते हुए परिजन उसे वापस घर ले आए। पुलिस ने दर्ज किया मामला, तफ्तीश जारी इस मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी (ASI) स्वर्ण सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। स्कूल के प्रिंसिपल तरसेम लाल मोंगा और शिक्षक कुलविंदर सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *