फाजिल्का में 9 करोड़ का सेम प्रोजेक्ट: विधायक गोल्डी कंबोज ने गांव नुकेरियां में रखी नींव, अन्य विकास कार्य भी होंगे – Fazilka News
फाजिल्का जिले के जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र के गांव नुकेरिया में विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने करीब 9 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि गांव के लोग लंबे समय से सेम (जलभराव) की समस्या से परेशान थे। अब इस परियोजना के जरिए इस समस्या का समाधान किया जाएगा। विधायक ने गांव में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बताया कि 54 एकड़ क्षेत्र में 67 लाख रुपए की लागत से नहरी खाल का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, सेम परियोजना के तहत ड्रेन और अन्य विकास कार्यों पर 6.91 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। क्षेत्र में कराए जाएं ये विकास कार्य इसके अलावा 17 लाख रुपए की लागत से पुल, 13.50 लाख रुपए से पेयजल सुविधा, 4.50 लाख रुपए से पंचायत घर में शेड, 6.40 लाख रुपए से श्मशान घाट का विकास, 4.80 लाख रुपए से गंदे पानी की निकासी और मनरेगा के तहत 4.67 लाख रुपए की लागत से किचन शेड बनाया जा रहा है। नहरी खाल के विकास पर भी 24.50 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। युवाओं को खेल सुविधाएं देने के लिए 5.22 लाख रुपए की लागत से वॉलीबॉल ग्राउंड तैयार किया जा रहा है। साथ ही गांव सहीवाला और चक्क सड़ियां में आधुनिक लाइब्रेरी भी बनाई जाएंगी, ताकि युवाओं को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर माहौल मिल सके। ‘गांव में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही’ विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार गांवों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है और बिना किसी भेदभाव के हर गांव में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विधायक गोल्डी कंबोज ने यह भी घोषणा की कि युवाओं को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने हेतु गांव सहीवाला और गांव चक्क सड़ियां में आधुनिक पुस्तकालयों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये पुस्तकालय ग्रामीण युवाओं के लिए ज्ञान और शिक्षा के महत्वपूर्ण केंद्र बनेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव का विकास बिना किसी भेदभाव के किया जा रहा है ।
Source link

