पठानकोट में ED कार्रवाई पर भड़के मंत्री कटारूचक्क: बोले-ना डरे है ना डरेंगे; कहा-भाजपा एजेंसियों का कर रही राजनीतिक इस्तेमाल – Pathankot News
पठानकोट जिले के विधानसभा क्षेत्र भोआ में हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा की गई कार्रवाई के बाद पंजाब सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री लालचंद कटारूचक्क ने भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार की एजेंसियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता केंद्रीय एजेंसियों के किसी भी प्रकार के दबाव, कार्रवाई या डर से पीछे हटने वाले नहीं हैं। मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री कटारूचक्क ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी का इतिहास और नीयत साफ है। हम पहले भी नहीं डरे थे, आज भी नहीं डरे हैं और भविष्य में भी कभी नहीं डरेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की आजादी की लड़ाई के दौरान जिन लोगों ने अंग्रेजों से माफी मांगी थी, उनसे आम आदमी पार्टी के सिपाही डरने वाले नहीं हैं। आज ED और CBI जैसी स्वायत्त एजेंसियों का इस्तेमाल केवल राजनीतिक बदले और दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है, लेकिन इससे हमारी पार्टी का मनोबल रत्ती भर भी कम नहीं होगा। सवा 4 साल ईमानदारी से किया काम कटारूचक्क ने कहा कि वे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के सच्चे सिपाही हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले सवा चार वर्षों के शासनकाल में पंजाब सरकार और उन्होंने अपने भोआ हलके में पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ ऐतिहासिक विकास कार्य करवाए हैं। जनता की भलाई और क्षेत्र का विकास ही उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी। BJP को चेतावनी: पंजाब की जनता सही समय पर देगी करारा जवाब कैबिनेट मंत्री ने भाजपा को किसी भी प्रकार के भ्रम में न रहने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पंजाब की समझदार जनता सब कुछ देख और समझ रही है। आने वाले समय में जनता लोकतांत्रिक तरीके से वोट की चोट से इसका माकूल जवाब देगी। पंजाब में नफरत, डर और तानाशाही की राजनीति कभी सफल नहीं होगी, यहां हमेशा पंजाबियत और लोकतंत्र की ही जीत होगी। उन्होंने दोहराया कि विपक्ष भले ही केंद्रीय एजेंसियों को आगे करके आम आदमी पार्टी के नेताओं को डराने की कोशिश कर ले, लेकिन ‘आप’ का हर एक कार्यकर्ता हर चुनौती का डटकर सामना करेगा और जनसेवा का यह मिशन बिना रुके लगातार जारी रहेगा।
Source link

