संगरूर में कैंटर-कार में टक्कर, युवा व्यवसाई की मौत: हादसे का बाद अपने वाहन में बुरी तरह फंसा, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम – Barnala News

संगरूर में कैंटर-कार में टक्कर, युवा व्यवसाई की मौत:  हादसे का बाद अपने वाहन में बुरी तरह फंसा, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम – Barnala News




संगरूर जिले के सुनाम-बठिंडा मुख्य मार्ग पर शेरों कैंचियां के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार कैंटर और कार के बीच हुई भीषण टक्कर में 35 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान सुनाम निवासी पंकज शर्मा के रूप में हुई है, जो पेशे से टूर एंड ट्रैवल्स का व्यवसाय करते थे। हादसे की जानकारी देते हुए थाना सिटी सुनाम के सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI) परमजीत सिंह ने बताया कि यह घटना सोमवार रात करीब 10:30 बजे घटी। पंकज शर्मा अपनी कार में ईंधन भरवाने के लिए शेरों कैंचियां के पास स्थित पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने अपनी कार को मुख्य सड़क से पेट्रोल पंप की तरफ मोड़ा, सामने से आ रहे एक कैंटर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। कैंटर चीमा मंडी से पानीपत की ओर जा रहा था और उसमें मुर्गियों के बच्चे लदे हुए थे। कार में फंसे कारोबारी, अस्पताल ले जाते वक्त तोड़ा दम प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और पंकज शर्मा बुरी तरह अंदर ही फंस गए। राहगीरों और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल सुनाम ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि पंकज शर्मा अगले ही दिन सुबह यात्रियों के साथ मनाली टूर के लिए रवाना होने वाले थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और इलाके में शोक की लहर है। कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज, पुलिस जांच जारी दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने कैंटर चालक हरीश कुमार (निवासी गांव पोठी सम्मन, जिला हिसार, हरियाणा) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है और नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *