जलालाबाद में पीर बाबा की मजार पर नशा करते युवक: वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप, सरपंच ने पुलिस बुलाई; जांच जारी – Fazilka News
फाजिल्का जिले के जलालाबाद क्षेत्र के गांव टाहली वाला जट्टा में पीर बाबा की मजार पर कथित तौर पर नशा करते युवकों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में दो युवक नशे का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि जब गांव के लोगों ने उन्हें देखा तो मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को वहां से भगा दिया और दोबारा इस इलाके में न आने की चेतावनी दी। मामला सामने आने के बाद गांव के सरपंच सुरजीत सिंह ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सरपंच के अनुसार, वायरल वीडियो कुछ दिन पुराना है। उन्होंने बताया कि गांव में स्थित पीर बाबा की समाधि के पास कुछ युवक छिपकर नशा कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने हस्तक्षेप किया और युवकों को वहां से हटा दिया। सरपंच बोले- सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत कराया सरपंच ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने इलाके में कार्रवाई करते हुए कई युवाओं को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस अपने स्तर पर जांच और कार्रवाई कर रही है। सुरजीत सिंह ने कहा कि गांव में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत लाउडस्पीकर से घोषणाएं करवाई गई हैं और ग्रामीणों से घर-घर जाकर संपर्क किया गया है। लोगों से अपने बच्चों और युवाओं पर नजर रखने तथा उन्हें नशे से दूर रखने की अपील की गई है। सरपंच ने स्पष्ट कहा कि गांव में नशे से जुड़ी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए भरोसा दिलाया कि गांव का कोई भी व्यक्ति नशा कारोबार या नशे से जुड़ी गतिविधियों का समर्थन नहीं करेगा।
Source link

