मोगा में सड़क किनारे मिला युवक का शव: गाहला पैलेस के पास बेहोशी हालत में पड़ा था, पहचान नहीं हुई – Moga News
मोगा के गिल रोड स्थित गाहला पैलेस के पास एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसकी उम्र करीब 20 से 22 वर्ष बताई जा रही है, जिसकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। घटना की सूचना मिलने के बाद समाज सेवा सोसायटी और पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार, युवक गिल रोड पर गाहला पैलेस के पास सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ा मिला था। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने उसे देखकर समाज सेवा सोसायटी को सूचित किया। सोसायटी की एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को सिविल अस्पताल मोगा ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। सोसायटी के सेवादार गुरसेवक सिंह ने बताया कि मृतक के पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिले हैं, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि युवक के बारे में कोई सुराग मिल सके। समाज सेवा सोसायटी ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को युवक की पहचान के बारे में जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
Source link

