सुजानपुर पुल पर देर रात गैस भरे टैंकर से जाम: बीच सड़क पर हुआ खराब, हादसा की आशंका से हड़कंप, SSF ने हाइड्रा से किया किनारे – Pathankot News
पठानकोट के सुजानपुर में पुल नंबर-5 के पास नेशनल हाईवे-44 पर एक बड़ा और भयानक हादसा होने से बाल-बाल बच गया। जम्मू की ओर जा रहा एचपी (HP) गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण अचानक बीच सड़क पर ही रुक गया था। रात के अंधेरे में हाईवे के बीचों-बीच अत्यधिक ज्वलनशील गैस से लदे इस भारी वाहन के खड़े होने से एक बड़े विस्फोट और जान-माल के नुकसान का खतरा मंडरा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक खराब होने के बाद चालक काफी देर तक अकेले ही उसे ठीक करने की कोशिश करता रहा। इसी दौरान वहां मौजूद स्थानीय युवकों की नजर ट्रक पर पड़ी। जब उन्हें पता चला कि ट्रक पूरी तरह से गैस सिलेंडरों से भरा हुआ है, तो उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझा। 2 मिनट में पहुंची SSF की टीम खतरे को भांपते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर पुलिस और प्रशासन को सूचित किया। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल (SSF) की टीम महज दो से तीन मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। टीम ने आते ही सबसे पहले हाईवे पर यातायात को नियंत्रित किया ताकि कोई अन्य वाहन ट्रक से न टकराए। हाइड्रा मशीन से हटाया गया ट्रक SSF के अधिकारी ने बताया कि मामला गैस से भरे वाहन का था, इसलिए किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जा सकता था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत मौके पर हाइड्रा मशीन बुलाई गई। मशीन की मदद से ट्रक को हाईवे के बीच से हटाकर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात को पूरी तरह सामान्य कर दिया गया। स्थानीय निवासियों और सड़क सुरक्षा बल (SSF) की इस त्वरित और सूझबूझ भरी कार्रवाई की हर तरफ सराहना हो रही है, जिसने एक बड़े संभावित हादसे को टाल दिया। स्थानीय निवासी बलविंदर सिंह के गैस से भरा ट्रक हाईवे के बीचों-बीच खड़ा होना बेहद खतरनाक था। अगर कोई तेज रफ्तार वाहन इससे टकरा जाता, तो बड़ा विस्फोट हो सकता था। हमने बिना वक्त गंवाए तुरंत एक्शन लिया।
Source link

