अबोहर में सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना: CCTV में दिखे 3 संदिग्ध, सास की मौत पर सुसराल गया था परिवार, LED, नकदी, जेवर चोरी – Abohar News
अबोहर स्थानीय बाबा जीवन सिंह नगर में एक सूने घर को निशाना बनाकर चोरों द्वारा एलईडी टीवी, नकदी और चांदी की चेन समेत अन्य सामान चुराए जाने का मामला सामने आया है। चोरी की यह घटना तब हुई जब परिवार के सदस्य एक दुखद समाचार के बाद मायके गए हुए थे। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित मनदीप कौर पत्नी मनप्रीत सिंह ने बताया कि दो दिन पहले उनकी माता का निधन हो गया था। पूरा परिवार अंतिम संस्कार और अन्य रस्मों में शामिल होने के लिए गांव पटी सदीक स्थित मायके गया हुआ था। घर में किसी के न होने का फायदा उठाकर चोर छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए। चोरों ने पूरे घर की तलाशी ली और वहां रखा एक एलईडी टीवी, 10 हजार रुपये की नकदी, चांदी की चेन, गुल्लक में रखे करीब 3 हजार रुपये और घर के मंदिर से 2,500 रुपये चुरा लिए। चोर एलईडी टीवी को छुपाने के लिए उसे कंबल में लपेटकर अपने साथ ले गए। सीसीटीवी फुटेज में दिखे तीन संदिग्ध बाइक सवार जब परिवार वापस घर लौटा तो सारा सामान बिखरा हुआ देखकर उन्हें चोरी का पता चला। इसकी सूचना तुरंत सीडफार्म चौकी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज की जांच करने पर एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुट गई है। स्थानीय युवकों पर संदेह, पुलिस ने गठित की विशेष टीम पीड़ित परिवार का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद उन्हें कुछ स्थानीय युवकों पर शक है, जिसके बारे में उन्होंने पुलिस को सूचित कर दिया है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और चोरी का सामान बरामद करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआत में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, लेकिन अब परिवार के संदेह के बाद सभी कोणों से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

