सुविधा के नाम पर रिकॉर्ड रूम को बना दिया कबाड़ – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स के दूसरे फ्लोर पर स्थित रिकॉर्ड रूम का रेनोवेशन पिछले कई महीनों से अधूरा पड़ा है। निर्माण कार्य बीच में ही रुक जाने से न केवल विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारियों को रिकॉर्ड उपलब्ध कराने में परेशानी हो रही है, बल्कि रोजाना अपने दस्तावेजों से संबंधित रिकॉर्ड लेने पहुंचने वाले लोगों को भी बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। दूसरी मंजिल पर स्थित एचआरसी रिकॉर्ड रूम सहित एनआईसी कार्यालय, चुनाव शाखा, शिकायत केंद्र, डीआरओ कार्यालय, सदर कानूनगो शाखा, भाषा विभाग, जिला उपभोक्ता आयोग, कपूरथला कैंप कार्यालय समेत कई महत्वपूर्ण कार्यालय है, लेकिन फ्लोर का एक हिस्सा लोहे के सामान से भरा पड़ा है। इन कार्यालयों में प्रतिदिन 400 से 500 लोग अलग-अलग कार्यों के लेकर पहुंचते है जिनमें लोग रजिस्ट्री, भूमि रिकॉर्ड और कंज्यूमर कमिशन अन्य सरकारी दस्तावेजों से संबंधित काम के लिए पहुंचते हैं। रिकॉर्ड समय पर उपलब्ध न होने से कई लोगों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ता है या फिर दोबारा कार्यालय आना पड़ता है। कर्मचारियों का कहना है कि रेनोवेशन पूरा होने के बाद रिकॉर्ड व्यवस्थित तरीके से रखा जा सकेगा, लेकिन काम बंद होने से न तो नई व्यवस्था बन पा रही है और न ही पुरानी व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रह गई है। रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने के लिए शुरू हुआ था काम प्रशासन ने रिकॉर्ड को व्यवस्थित और सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रिकॉर्ड रूम के रेनोवेशन का काम शुरू कराया था। पिछले सालों में करीब 4 करोड़ रुपए की योजना के तहत बड़े स्टील केज, आधुनिक अलमारियां और रिकॉर्ड रखने की नई व्यवस्था तैयार की जानी थी, ताकि वर्षों पुराने दस्तावेज सुरक्षित रह सकें और जरूरत पड़ने पर उन्हें आसानी से उपलब्ध कराया जा सके, लेकिन निर्माण कार्य शुरू होने के बाद पिछले कई महीनों से बंद पड़ा है। अधूरे काम के कारण रिकॉर्ड पूरी तरह व्यवस्थित नहीं हो पाया है और कर्मचारियों को फाइलें व दस्तावेज तलाशने में अतिरिक्त समय लग रहा है।
Source link

